बैठक में गूंजी पानी, बिजली और अवारा पशुओं की समस्या
फैजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार राय ने अफसरों से कहा कि किसानों की खेती, किसानी संबंधी समस्याओं व शिकायतों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर की जाए। किसानों को बिजली, पानी, नलकूप हैंडपंप नहरों से सिचांई, बीज, जायद की फसलों आदि की समस्याएं निपटाई जाए। वह बुधवार को किसानों के साथ बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता किसानों के हितों पर है। अधिकारी इस पर विशेष गौर करें। डीएम ने किसान की समस्याओं से संबंधित बैठक के दौरान नहरों और माइनरों में पानी छोडे जाने, राजेपुर माइनर की सफाई न होने के प्रश्न पर सिचांई विभाग के अफसरों को नर्देश दिया।
कहा कि माइनरों के सफाई के लिए जो भी धनराशि शासन से रीलिज होती है उसमें जो भी कार्य करें उस कार्य को सही ढंग से पूरा करें। आवारा पशुओं को पकड़वा कर गौशालाओं में भिजवाए जाने के सवाल पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि आवारा पशुओं के रखरखाव के लिए पशु विभाग की कोई गौशाला नहीं है।
इसलिए पशु पालकों से अपेक्षा की गई कि वे अपने पशुओं को छूट्टा न छोड़े जिससे आम जन मानस में समस्या उत्पन्न न हो। विद्युत की आपूर्ति और लो वोल्टेज की समस्या के सवाल पर अधिशाषी अभियंता विद्युत प्रथम ने बताया कि विद्युत वितरण खंड प्रथम के तहत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 18 से 20 घंटे व शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे की विद्युत आपूर्ति की जा रही है।
लेकिन प्राकृतिक आपदा जैसे आंधी, पानी के आ जाने के कारण विद्युत आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित हो जाती है जिसे ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति तत्काल बहाल की जाती है। लो वोल्टेज की समस्या निदान के लिए परिवर्तकों की क्षमता वृद्धि की जा रही है जल्द ही लो वोल्टेज की समस्या को दूर किया जा सकेगा।
कई अन्य समस्याएं भी सामने आई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रवीश गुप्ता, परियोजना निदेशक, उप निदेशक कृषि, जिला पूर्ति अधिकारी, सभी बीडीओ और अधिकारी व किसान मौजूद थे।