अयोध्या। बाबा मुख्यमंत्री ने नई योजना चलाई है ठोको नीति। ठोको नीति का सच देखो, पुलिस को मौका मिलता है तो जनता को ठोक देती है और जनता को मौका मिल जाता है तो पुलिस को ठोंक देती है।
उसी ठोको नीति का असर सांसद और विधायक कितनी अच्छी तरह से निभा रहे हैं। सांसद ने विधायक को 21 जूतों की सलामी दी। हमें चौकीदार ही नहीं साथ में ठोकीदार भी हटाना है।
यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का। वह शुक्रवार को यहां गुलाबबाड़ी मैदान में सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी आनंद सेन के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि महागठबंधन का असर देखिए कि उन्हें बाबा भीमराव आंबेडकर और डॉ. लोहिया भी याद आ गए।
सपा-बसपा का गठबंधन यदि महामिलावटी है तो बताओ जिन्होंने देश में 38 पार्टियों से गठबंधन किया है, उन्हें क्या कहा जाएगा। कहा कि चौकीदार की चौकी छीन लो।
सिर्फ एक चौकीदार की चौकी छीनने से काम नहीं बनेगा, इस क्षेत्र में हर चौकीदार की चौकी छीन लो। अपना काम अब उन्हें याद नहीं आ रहा है अगर उन्हें अपना काम याद रहा होता तो वो आतंकवाद की बात करते।
जिस समय वे आतंकवाद की बात कर रहे थे उसी समय आतंकियों ने हमारे 15 जवानों को शहीद कर दिया। हमारे लाल, नीला व हरा झंडा देखकर वे घबराए हुए हैं, इसलिए आपका ध्यान हटाने के लिए ये बात कर रहे हैं।
कहा कि सोचों पांच साल में किसानों को क्या मिला। आय दोगुनी नहीं हुई, लागत का डेढ़ गुना मूल्य नहीं मिला। इन्होंने हर चीज महंगी कर दी। इन्होंने बोरी से पांच किलो खाद हमारे किसानों से चोरी कर ली। डीजल-पेट्रोल महंगा कर दिया। झाड़ू लेकर कभी-कभी निकलते थे उसी के नाम पर पैसा लिया। उद्योगपतियों, कारखाने वाले से इन्होंने पैसा लिया। भाजपा ने जितनी स्मार्ट सिटी बनाई सब में जानवर घूम रहे हैं। हमारे किसान को खेत की रखवाली करनी पड़ रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग कह रहे हैं कि नया भारत बनाएंगे। मगर ये नया भारत नहीं बना सकते हैं, क्योंकि ये नफरत की बात करते हैं, नफरत की दीवार बनाना चाहते हैं। अब जब गठबंधन की नई सरकार बनेगी, तब नया प्रधानमंत्री इस देश को नई दिशा देगा। सपा मुखिया ने तंज कसा कि आज अच्छे दिन की बात नहीं कर रहे, लेकिन इनके अच्छे दिन ऐसे आएंगे कि फुर्सत में बैठकर आराम करेंगे। सपा प्रत्याशी के कमजोर होने पर सफाई देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह पुराना समाजवादी क्षेत्र रहा है। हमारे तमाम नेताओं ने 35-40 साल जनता के बीच में बिताया। आनंदसेन जिनके बेटे हैं, उन्होंने भी जनता की लंबे समय तक सेवा की।
सभा में राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद, लोकसभा प्रभारी राममूर्ति वर्मा, संयोजक व पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन, पूर्व विधायक अभय सिंह, पूर्व विधायक रुश्दी मियां, एमएलसी लीलावती कुशवाहा, एमएलसी हीरालाल यादव, जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव, सयुस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह अनूप, जिला उपाध्यक्ष बाबूराम गौड़, अनिमेष प्रताप सिंह राहुल आदि मौजूद रहे।