प्रभारी मंत्री के सामने लगाया पीओ डूडा पर अनुचित लाभ का आरोप
फैजाबाद। जिले के प्रभारी व औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना के सामने बुधवार को डूडा के परियोजना अधिकारी पर कार्यदायी संस्था से बगैर अनुचित लाभ बजट आवंटित न किए जाने का आरोप लगा।
प्रभारी मंत्री ने डीएम को कार्यदायी संस्था से लिखित शिकायत लेकर जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित चार विभाग के अफसरों को प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति कर दी।
साथ ही उन अफसरों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कई योजनाओं को लेकर कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने पर्यटन नगरी अयोध्या में चल रहे विकास व निर्माण कार्यों व जिले के अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की।
कलक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक में उस समय सन्नाटा छा गया जब डूडा की संबंधित कार्यदायी एजेंसी द्वारा पीओ डूडा पर आरोप लगाया गया कि बिना अनुचित मांग पूरे किए बजट की धनराशि अवमुक्त नहीं कर रहे हैं।
मंत्री ने डीएम को कार्यदायी संस्था से लिखकर शिकायत पत्र लेने और जांच कराकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पीओ डूडा ने कहा कि एजेंसी द्वारा बजट का कोई मांग पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया है।
बैठक में अधीक्षण अभियंता पावर कॉर्पोरेशन, उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम सूडा, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड निर्माण इकाई संस्था के उच्चाधिकारी उपस्थित नहीं हुए।
प्रभारी मंत्री ने स्पष्टीकरण मांगते हुए प्रतिकूल प्रविष्ट दिए जाने की संस्तुति कर दी। बैठक में प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री से किए गए शिलान्यास के निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
निर्माण कार्यों को दीपोत्सव के पूर्व हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिए। कहा कि अयोध्या पूरे विश्व में जानी जाती है। इसलिए इसको आदर्श पर्यटन नगरी के रूप में विकसित किया जाना है।
इसमें धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। बैठक में सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक मिल्कीपुर बाबा गोरखनाथ, विधायक रुदौली राम चंदर यादव, विधायक बीकापुर शोभा सिंह, विधायक गोसाईगंज इंद्र प्रताप तिवारी, सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी व कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर मौजूद थे।