मतदान केंद्रों पर लगेगी चुनाव पाठशाला
फैजाबाद। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान विशेष अभियान दिवसों पर चुनाव पाठशाला आयोजित की जाएगी। इसका निर्देश उप जिला निर्वाचन अधिकारी व मुख्य राजस्व अधिकारी पुरूषोत्तम लाल गुप्ता ने दिया है। उन्होंने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के गहन प्रकृति के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 31 अक्तूबर तक है। इसे निर्धारित विशेष तिथियों 13 सितंबर, 10 अक्तूबर और 24 अक्तूबर को ग्रामसभा/स्थानीय निकाय एवं रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की मीटिंग आदि में पढ़ा जाएगा। बताया कि 23 सितंबर, 7 अक्तूबर, 14 अक्तूबर व 28 अक्तूबर को राजनीतिक दलों के बूथ लेबिल एजेंट्स से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए विशेष अभियान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने जनपद के सभी बीएलओ द्वारा निर्धारित प्रत्येक विशेष अभियान दिवस में मतदान केंद्रों पर चुनाव पाठशाला का आयोजन किए जाने के निर्देश दिए।