हर-हर महादेव व जय श्रीराम के जयघोष से गूंजी अयोध्या
अयोध्या। रामनगरी कांवड़ियों से गुलजार है। अयोध्या के घाट और मंदिर हर-हर महादेव एवं जयश्रीराम के जयघोष से गुंजायमान हो रहे हैं। वहीं, लगातार दूसरे दिन प्रशासन ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। फैजाबाद हवाई अड्डे से बाराबंकी होते हुए वापस अयोध्या पहुंचने पर हेलीकॉप्टर से नयाघाट बंधा तिराहा, सरयू घाट, राम की पैड़ी परिसर में कावंड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में उमड़े कांवड़ियों ने सरयू स्नान कर विभिन्न मंदिरों में अभिषेक, पूजन किया। हनुमानगढ़ी में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। वहीं भारी भीड़ के चलते सुरक्षा को लेकर हाई-वे बंद है। साथ ही अयोध्या में वाहनों के गुजरने पर रोक लगा दी गई है।
सावन के कांवड़ मेला के मद्देनजर आसपास के जिलों से आ रही भक्तों की भीड़ अयोध्या में सरयू घाट से लेकर मठ-मंदिरों व सड़कों-गलियों में खचाखच भर गई है। जय श्रीराम, हर-हर महादेव, बोल बम के जयकारे अयोध्या में गूंज रहे हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप आदि वाहनों पर डीजे की धुन पर भक्ति गीतों पर नाचते-गाते कांवड़िया आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में कावंड़ियाें ने सरयू स्नान कर नागेश्वरनाथ, क्षीरेश्वरनाथ सहित अन्य शिवालयों में जलाभिषेक किया। मंगलवार होने के नाते हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन को सुबह से शुरू हुआ सिलसिला देर रात्रि तक जारी रहा। जर्जर सड़के, जलभराव एवं गंदगी जैसी समस्याएं भक्तों के धैर्य की परीक्षा लेती रहीं। दोपहर में हुई मूसलाधार बारिश से जगह-जगह हुए जलभराव से कांवड़ियां गुजरने को विवश नजर आए। उधर सुरक्षा के मद्देनजर रामनगरी में यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया है। भीड़ के चलते नौ अगस्त तक हाई-वे बंद रहेगा। घाटों से लेकर जगह-जगह बैरीकेडिंग लगाकर सुरक्षा सख्त की गई है।
मेलाधिकारी, एडीएमसिटी विंध्यवासिनी राय ने बताया कि मंगलवार को हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर मेला क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया गया, साथ ही शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा भी की गई। बताया कि रूट डायवर्जन कर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। 14 अगस्त को मणिपर्वत मेले के साथ सभी मंदिरों में झूलनोत्सव का श्रीगणेश होगा। रामनगरी अभेद्य सुरक्षा घेरे में कैद रहेगी।
पुष्पवर्षा हुई तो खिले कांवड़ियों के चेहरे
अयोध्या में जमे कावड़ियाें पर प्रशासन द्वारा हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई तो कावंड़ियों के चेहरे खिल उठे। विभिन्न जिलों गोंडा, बस्ती, अंबेडकरनगर, बभनान, हरैया, संतकबीरनगर, अंबेडकरनगर आदि से अयोध्या जलाभिषेक, दर्शन-पूजन को पहुंचे कावड़ियाें ने पुष्पवर्षा जमकर आनंद उठाया। बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने इस क्षण को मोबाइल में भी कैद किया।
बभनान से अयोध्या सरयू जल लेने व दर्शन-पूजन करने पहुंचे कावंड़िया आकाश ने कहा कि रामनगरी में शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा अद्भुत रही। आज तक पहले कभी भी इस तरह का स्वागत नहीं किया गया, राम की नगरी में शिवभिक्त का उत्साह अब दोगुना हो उठा है।
बस्ती से आए शैलेंद्र पुष्पवर्षा के क्षण को अपने मोबाइल में कैद करते दिखे। प्रसन्न मन से कहा कि हम स्वागत से अभिभूत हैं। रामनगरी की मर्यादा यूं ही नहीं मानी जाती। कहा कि मोबाइल में पुष्पवर्षा की वीडियो रिकॉर्डिंग की है, घर जाने पर परिवारीजनों व साथियों को दिखाएंगे। बस्ती के ही कांवड़िया विजय भी पुष्पवर्षा के दौरान उत्साहित दिखे। कहा कि योगी सरकार में आदर देखकर मन खिल उठा है।धार्मिक नगरी अयोध्या की यही संस्कृति एवं महत्ता हमें आकर्षित करती है। अयोध्या में राममंदिर बन जाए सारी कमी पूरी हो जाएगी।
संतकबीर नगर के कांवड़िया चंद्रिका चौहान ने कहा कि योगी सरकार की यह पहल सराहनीय है। यह पहली बार है जब कांवड़ियाें का रामनगरी में भव्य स्वागत हो रहा है। कहा कि रामभक्ति के बिना शिव की कृपा कहां मिलती है। उन्होंने जिला प्रशासन को भी धन्यवाद दिया।