विजय दिवस पर शहीदों को किया याद
फैजाबाद। शहीद स्मारक सेवा समिति के तत्वाधान में कारगिल विजय दिवस पर सैन्य शहीद स्मृति का श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें कारगिल में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देकर उन्हें नम आंखों से याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में सर्वप्रथम ज्ञानी रंजीत सिंह के साथ शहीदों को श्रद्धांजलि, देश में एकता, अखंडता एवं अमन के लिए प्रार्थना हुई। तत्पश्चात ईसीएचएस के प्रभारी मुख्य अतिथि कर्नल सीपी सिंह के साथ सूबेदार मेजर वीके द्विवेदी, सूबेदार रामचंदर यादव एवं 1962 के जांबाज सिपाही परशुराम सिंह, बाबूराम सिंह, अखंड प्रताप पांडेय, उमाशंकर यादव, हवलदार एमएम हुसैन, सार्जेंट जगदम्बा प्रसाद पांडेय एवं राजेश गौड़ (पार्षद) ने कारगिल शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर याद किया। सूबेदार मेजर वीके द्विवेदी ने बताया कि भारतीय सेना की वीरगाथा और शौर्य पूरे दुनिया में मशहूर है। जिसने भी हमारी सेना से टकराने की हिम्मत की है उसने मुंह की खायी है। इसका उदाहरण 1971 का भारत-पाक युद्ध है। कारगिल युद्ध जो जमीन से 19 हजार फुट ऊपर, जहां पर तापमान भी शून्य से कम होता है पाकिस्तान की सेना को खदेड़कर तिरंगा फहराया। जिसमें हमारी सेना ने भी देश की सुरक्षा के लिए लगभग 500 जवानों की शहादत दी है।