फैजाबाद। 28 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मेला को लेकर रेल प्रशासन सतर्क हो गया है। आईजी रेलवे विजय प्रकाश ने फैजाबाद, गोरखपुर व देवीपाटन मंडल के सभी जीआरपी व आरपीएफ के थाना व चौकी प्रभारी समेत आला अधिकारियों के साथ सोमवार को पुलिस लाइन में बैठक ली।
आईजी रेलवे ने कहा कि श्रावण मेले में फुलप्रूफ सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। जीआरपी व आरपीएफ ट्रेन व प्लेटफार्म पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए संकल्पित है। श्रावण मेले में किसी अप्रिय घटना से निपटने व श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
आईजी रेलवे ने कहा कि भीड़ बढ़ने पर किसी तरह की भगदड़ न मचे, ट्रेन की छतों पर बैठकर कोई यात्रा न करे, इसका खास ख्याल रखा जाएगा। साथ ही प्लेटफार्म बदलने के लिए रेल मार्ग पार करने पर पूरी तरह से रोक लगाई जाएगी। बताया कि सभी स्टेशनों पर सीसीटीवी कार्य करते रहें, इसके लिए रेल प्रशासन से बात की गई है।
इसके अलावा पार्किंग, टिकट घर, आरक्षण काउंटर आदि पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही गई है। कहा कि श्रद्धालुओं को स्टेशन आने-जाने में असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए स्टेशन के बाहर अतिक्रमण हटाया जाएगा साथ ही निजी या टैक्सी वाहनों पर रोक लगाई जाएगी।
मेले में जहरखुरानी गिरोह के सक्रिय होने की बात पर उन्होंने कहा कि इसके लिए गोरखपुर में एसआरवी की टीम बनाई गई है, जो ट्रेन में सादी वर्दी में यात्रियों के बीच बैठकर जहरखुरानों पर निगाह रख रही है। इसकी एक टीम अयोध्या-फैजाबाद में भी तैनात की गई है।