11 केंद्रों पर हुई पीएचडी प्रवेश परीक्षा, 22 पर्यवेक्षकों ने की निगरानी
फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा शुक्रवार को दो पालियों में 22 पर्यवेक्षकों की निगरानी में संपन्न हो गई। सात हजार परीक्षार्थियों के लिए 11 केंद्रों पर बैठने के इंतजाम किए गए थे। परीक्षा समन्यवक प्रो. अजय प्रताप सिंह ने बताया है परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई है। अवध विश्वविद्यालय ने अपने 30 निर्धारित विषयों में पीएचडी प्रवेश परीक्षा के आवेदन मांगे थे। इसमें 10 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। सात हजार अभ्यर्थियों ने ही प्रवेश परीक्षा की फीस जमा की। इन 7 हजार अभ्यर्थियों के लिए विश्वविद्यालय ने 11 परीक्षा केंद्रों पर शुक्रवार को परीक्षाएं संपन्न कराई। अवध विश्वविद्यालय ने अपने परिसर में अकादमिक, आईआईटी व एमबीए विभाग में तीन परीक्षा केंद्रों पर सख्त पहरे में परीक्षा कराई। साकेत महाविद्यालय अयोध्या, बीएनएस डिग्री कॉलेज जनौरा, केटी पब्लिक स्कूल, गुरुनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज रायबरेली रोड नाका व गुरुनानक इंटर कॉलेज खिड़की अली बेग परीक्षा केंद्र पर दोनों पालियों में भीड़ रही। इसके अलावा रजत डिग्री कॉलेज लखनऊ व अवध लॉ डिग्री कॉलेज बाराबंकी में भी परीक्षाएं हुई। पहली पाली में सामान्य ज्ञान व दूसरी पाली में अन्य विषय की परीक्षाएं हुई।