सूखे के दिख रहे आसार, मामूली बारिश की संभावना
फैजाबाद। उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग अब सूखे की आशंका जाहिर कर रहा है। विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह में मामूली बारिश होने के आसार हैं। अच्छी बारिश के लिए आश गड़ाए बैठे लोगों को मायूसी ही हाथ लगने की उम्मीद है।
पिछले तीन दिनों से हो रही बेतहाशा गर्मी से लोग मंगलवार को भी दिन भर हलकान रहे। दोपहर में कुछ समय के लिए बादल छाए और थोड़ी-बहुत बरसात हुई। लेकिन यह बरसात कोई गुल नहीं खिला सकी और लोग फिर पसीने से तर-ब-तर दिखने लगे। उमस भरी गर्मी ने लोगों को शाम तक फिर बेहाल कर दिया। नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि 23 से 27 अगस्त तक छिटपुट मामूली बारिश के आसार हैं, उसके बाद की स्थिति अभी अस्पष्ट है। बताया कि इस बीच उमस भरी गर्मी से निजात मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। बारिश न होने से धान की फसल भी चौपट हो रही है।