प्रथम चरण में लगभग 32 हजार किसान होंगे लाभान्वित
फैजाबाद। शासन के निर्देशानुसार कर्जमाफी के लिए की जा रही डाटा फीडिंग के प्रथम चरण में 98 प्रतिशत फीडिंग कर फैजाबाद प्रथम स्थान पर रहा। पहले चरण की डाटा फीडिंग की अंतिम तिथि मंगलवार को थी। ये जानकारी जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने दी।
बताया कि जिले के 69 हजार 407 लघु, सीमांत किसानों के कर्जमाफी की डाटा फीडिंग के लिए मंगलवार को प्रथम चरण की अंतिम तिथि निर्धारित थी। इसमें से सर्वाधिक 98 प्रतिशत डाटा फीडिंग कराकर फैजाबाद प्रथम स्थान, अंबेडकरनगर द्वितीय, अमेठी तृतीय, सुल्तानपुर चतुर्थ व बाराबंकी पंचम स्थान पर रहा।
बीके सिंह ने बताया कि समस्त डाटा आज ही शासन को प्रेषित कर दिया जाएगा। तदुपरांत शासन से सूची प्राप्त होने पर बैंकों प्रेषित किया जाएगा। कर्जमाफी के लिए कृषकों को आधार कार्ड को ऋण खाते से जोड़ने के लिए कहा गया था। जिले में अब तक 32 हजार किसानों ने आधार कार्ड लिंक करा लिया है, शेष किसानों को द्वितीय चरण में लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि डाटा फीडिंग की समीक्षा बैठक मंगलवार को विकास भवन में सीडीओ रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि किसानों की समस्याओं के निदान के लिए सभी बैंकों व तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।