मौसम हुआ सुहावना, गर्मी से मिली राहत
फैजाबाद। बुधवार की देर शाम शुरू हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली। शुक्रवार को भी रुक-रुक कर उमड़ते-घुमड़ते काले बादल जहां-तहां बरसते रहे। हालांकि जिले के किसी भी क्षेत्र में यह बारिश पांच मिमी. से ऊपर नहीं हुई।
इस वजह से मौसम तो सुहावना हुआ लेकिन किसानों को खासी राहत नहीं मिल पाई। मौसम वैज्ञानिक आगामी तीन दिनों तक प्रतिदिन थोड़ी-बहुत बारिश की उम्मीद लगा रहे हैं। शुक्रवार को सुबह से हल्की-हल्की फुहारें गिरनी शुरू हो गईं। शहर से लेकर गांव तक रुक-रुक बरसात होती रही।
दोपहर में कुछ समय के लिए धूप निकली तो फिर हल्की उमस शुरू हुई लेकिन कुछ ही देर बाद फिर बादल छा गए और रिमझिम बारिश होने लगी, जिससे मौसम खुशगवार हो गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम 30 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक 27 डिग्री रिकार्ड किया गया।
आर्र्दता अधिकतम 87 व न्यूनतम 78 रिकार्ड की गई। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डा. अमरनाथ के अनुसार, जिले भर में पांच मिमी. से अधिक बारिश कहीं नहीं हुई है, लेकिन आगामी 24 जुलाई तक लगभग 50 मिमी. मध्यम व तेज बारिश होने की उम्मीद है।