मंडल के 4.17 लाख किसानों का माफ होगा 1928 करोड़ कर्ज
फैजाबाद। प्रदेश सरकार के बजट पेश किए जाने के बाद फसल ऋण मोचन योजना पर कार्रवाई तेज हो गई है। गुरुवार को कमिश्नर मनोज मिश्र ने फसल ऋण मोचन योजना की समीक्षा की।
इस दौरान कमिश्नर ने अपनी अध्यक्षता में डीएम समेत तमाम बैंकों के प्रतिनिधियों को मिलाकर बनीं मंडलीय समिति की ओर से कर्ज माफी को लेकर तैयार आंकड़े जारी किए।
बताया कि मंडल के सभी पांच जिलों में योजना के तहत राष्ट्रीयकृत बैंकों के 4 लाख 17 हजार 987 लघु एवं सीमांत कृषक लाभार्थियों के 1928.796 करोड़ रुपये के ऋण माफ होंगे।
अपने कार्यालय में गुरुवार को समीक्षा के बाद कमिश्नर ने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी जनपदों में जनपद व तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम खोल दिए गए हैं, जिसके नोडल अधिकारी जिला कृषि अधिकारी होंगे।
कमिश्नर श्री मिश्र ने फसली ऋण माफी योजना की समीक्षा में कहा कि यह योजना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना है। इसमें बैंकर्स व कृषि विभाग की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सभी जिला मजिस्ट्रेटों को जनपद व तहसील स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित कर उसके दूरभाष/मोबाइल नंबर का प्रचार-प्रसार करने का निर्देश पहले ही दिया था।
कहा कि योजना के तहत यदि किसानों की कोई समस्या हो तो निस्तारण कराना सुनिश्चित करें जिससे उन्हें समय से ऋण माफी का लाभ मिल सके। बैठक में सीडीओ रवीश गुप्ता, अपर आयुक्त प्रशासन छोटेलाल पासी, संयुक्त आयुक्त विकास शम्भू नाथ तिवारी आदि मौजूद रहे।
किस जिले के कितने किसानों का माफ होगा कर्ज-
जिला किसान संख्या कर्जमाफी (रुपये में)
फैजाबाद 65,000 262 करोड़
अंबेडकरनगर 63, 279 249.223 करोड़
सुल्तानपुर 71,926 465.623 करोड़
बाराबंकी 1,43,548 691.439 करोड़
अमेठी 69,729 245.179 करोड़