रुदौली-रैछघाट संपर्क मार्ग पर मौलाहरा गांव के निकट हुआ हादसा
मवई (अयोध्या)। बाबा बाजार चौकी क्षेत्र के रुदौली-रैछघाट संपर्क मार्ग पर मौलाहरा गांव के निकट बुधवार की सुबह एक बाइक और मैजिक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया है।
पुलिस के अनुसार नौगवां गांव निवासी हरिराम (22) पुत्र सियाराम और दान बहादुर (25) पुत्र बेचू अपनी बाइक से बुधवार की सुबह रुदौली की ओर जा रहे थे। इस दौरान रुदौली-रेछघाट रोड पर बाबा बाजार से थोड़ा आगे मौलाहरा गांव के निकट एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दिया।
इस हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए, जिससे बाइक पर सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। सूचना पर पहुंचे सिपाही उपेंद्र कनौजिया ने घायलों को तत्काल सीएचसी रुदौली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मवई थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।
हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल
बीकापुर। वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंची डायल 100 पुलिस अपने वाहन से दोनों युवकों को सीएचसी बीकापुर पहुंचाया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। यह हादसा मंगलवार देर शाम कोतवाली क्षेत्र के खजुरहट प्रयागराज हाईवे पर हुआ।
इस हादसे में अमरजीत निषाद (22) निवासी जाना बाजार थाना हैदरगंज और जितेंद्र कुमार (25) निवासी रांची बिहार घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने अमरजीत निषाद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीआरबी के प्रभारी राम लखन मिश्रा ने बताया कि दोनों घायल युवक चौरे बाजार क्षेत्र के रामनगर में संचालित ईंट भट्ठे पर कार्य करते हैं।