बौद्धिक विकास करती है स्काउटिंग : डीएफओ
अयोध्या। स्काउटिंग बच्चों में बौद्धिक विकास करती है। मानसिक और शारीरिक के साथ-साथ स्काउटिंग बच्चों को अपने पैरों पर खड़ा होने की भी प्रेरणा देती है। यह बात प्रभागीय वन अधिकारी डॉ. रवि कुमार सिंह ने स्काउट भवन में आयोजित 28वीं मंडलीय स्काउट गाइड रैली को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि जीवन में कई समस्याएं आती हैं। बावजूद इसके स्काउटिंग का प्रशिक्षण लिए हुए व्यक्ति सहजता से जीवन निर्वाह कर लेता है। समारोह की अध्यक्षता कर रहे संयुक्त शिक्षा निदेशक मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि स्काउटिंग शैक्षिक क्रियाकलापों की सबसे बेहतरीन पद्धति है।
एडी बेसिक रविंद्र सिंह ने स्काउटिंग को मानवीय मूल्यों के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि जीवन की साधना करने से पहले और बाद में स्काउटिंग बड़ा योगदान करती है। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग की गतिविधियां प्रशिक्षण और इसके क्रियाकलाप बच्चों को आत्मनिर्भर बनाते हैं। इसके पूर्व अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
स्वागत वंदना आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्रस्तुत किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम बापू बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्रस्तुत किया। प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त अरविंद कुमार श्रीवास्तव और विवेकानंद पांडेय ने संचालन किया। इसके बाद ध्वज शिष्टाचार के बाद मुख्य अतिथि ने रैली के उद्घाटन की घोषणा किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक एवं रैली संयोजक राजबहादुर सिंह चौहान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं रैली सह संयोजक डॉ. अमिता सिंह ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किया। इस मौके पर जिला संगठन कमिश्नर अयोध्या अनूप मल्होत्रा, डॉ. राम सुुरेेेश मिश्र, प्रधानाचार्य शंकर तिवारी, मधुबाला कनौजिया, आलोक तिवारी, डॉ. नीलकांत वर्मा आदि मौजूद रहे।