साकेत महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी
अयोध्या। साकेत महाविद्यालय प्रशासन ने सोमवार को छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। चुनाव प्रक्रिया 18 दिसंबर को नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ शुरू हो जाएगी। मतदान व मतगणना 26 दिसंबर को होगी। चुनाव लिंगदोह समिति के सिफारिशों के ही अनुरूप कराए जाने की प्रतिबद्धता महाविद्यालय प्रशासन ने दर्शायी है।
साकेत महाविद्यालय के मुख्य नियंता व मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने प्राचार्य डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव की मौजूदगी में सोमवार को छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी की। इसके साथ ही चुनाव को लेकर ऊहापोह की स्थिति भी समाप्त हो गई। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि 18 दिसंबर को नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होने के साथ ही 10 दिवसीय चुनाव प्रक्रिया का श्रीगणेश हो जाएगा।
19 दिसंबर को पूर्वाह्न 11 से दोपहर दो बजे तक प्रशासनिक कार्यालय में नामांकन होगा। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच कर वैद्य प्रत्याशियों की सूची भी प्रकाशित कर दी जाएगी। 21 दिसंबर को नाम वापसी व आपत्ति निस्तारण के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। मतदान 26 दिसंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा।
मतगणना इसी दिन शुरू होकर परिणाम आने तक चलती रहेगी। विगत दो वर्षों की भांति इस वर्ष भी चुनाव प्रक्रिया में दक्षता भाषण को शामिल नहीं किया गया है। महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी मनोज छापड़िया ने बताया कि इस बार महाविद्यालय में करीब दो हजार मतदाता बढ़े हैं। पिछले वर्ष लगभग आठ हजार मतदाता थे, इस वर्ष मतदाताओं की संख्या बढ़कर 10 हजार तक पहुंच चुकी है।
24 दिसंबर तक चुनाव बूथ आदि तैयार कर लिए जाएंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि चुनाव लिंगदोह की सिफारिशों के तहत ही कराया जाएगा। जिन विद्यार्थियों की उम्र अधिक हो गई है चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। स्नातक वर्ग के लिए 17 से 22 वर्ष व परास्नातक वर्ग के लिए 22 से 25 वर्ष की उम्र छात्रसंघ नियमावली में निर्धारित की गई है।
महाविद्यालय परिसर में आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सख्ती से कराया जा रहा है। आज से महाविद्यालय परिसर में बिना आई कार्ड की प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परिसर के बाहर आचार संहिता का अनुपालन कराने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है। साकेत महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव पर 15 दिसंबर को कुलपति ने एक पत्र भेजकर रोक लगा दी थी।
महाविद्यालय प्रशासन ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से रोक की सूचना प्रसारित की थी। इसके ठीक एक दिन बाद 16 दिसंबर को चुनाव पर लगी रोक को हटा ली। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव ने बताया है कि विश्वविद्यालय की ओर से शर्तों के बीच चुनाव कराने की अनुमति प्रदान की गई है।
बताया कि चुनाव प्रारंभ होने से पूर्व महाविद्यालय में आधारभूत सुविधाएं शौचालय, कक्षा में बिजली, पंखे, आदि की व्यवस्था कराने का निर्देश है। साथ ही यह भी चेतावनी जारी की गई है कि चुनाव लिंगदोह समिति, शासन की संहिताओं के अनुसार कराएं जाएं अन्यथा की स्थिति में विश्वविद्यालय चुनाव प्रक्रिया निरस्त कर सकता है।
महाविद्यालय के मुख्य नियंता व मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि महाविद्यालय में बैक पेपर की वजह से अभी एमए, एमएससी, एमकॉम, बीए, बीएससी, बीकॉम के द्वितीय व तृतीय वर्ष में अभी प्रवेश चल रहा है। प्रवेश प्रक्रिया 19 दिसंबर तक जारी होगा, इसके बाद किसी का प्रवेश नहीं होगा। बताया कि प्रवेश ऑनलाइन होते ही जिनका प्रवेश हो जाएगा उन्हें तुरंत आईडी कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।