बिना लाइसेंस चलती मिली नवोदय विद्यालय की कैंटीन
फैजाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम को जवाहर नवोदय विद्यालय डाभासेमर की कैंटीन बिना लाइसेंस के चलती मिली। यहां से टीम ने भोजन में प्रयोग होने वाले सरसों के तेल का नमूना लिया। अभिहित अधिकारी दीपक सिंह के नेतृत्व में निकली टीम ने जवाहर नवोदय विद्यालय में संचालित कैंटीन पर छापेमारी की। जांच-पड़ताल पर पता चला कि कैंटीन बिना लाइसेंस के चल रही है। टीम ने यहां से नमूना लिया और साफ-सफाई आदि के निर्देश दिए। इसके बाद पराग डेरी अयोध्या की विर्निमाण इकाई का निरीक्षण कर घी और क्रीम का नमूना लिया। जिला महिला अस्पताल में टीम ने कैंटीन का निरीक्षण किया। इसके बाद टीम राजकीय बृजकिशोर होम्योपैथिक कॉलेज देवकाली पहुंची। कैंटीन का निरीक्षण कर तेल का नमूना लिया व खाद्य पंजीकरण प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, एफएसओ नीरज चौधरी, सम्राट श्रीवास्तव, दिनेश चौधरी आदि मौजूद रहे।