सफेद धोती-कुर्ता व साड़ी होगी अवध विवि दीक्षांत समारोह की ड्रेस
फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक सभागार में 15 सितंबर को होने वाले 23 वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों की बैठक में छात्र-छात्राओं के लिए ड्रेस कोड निर्धारित कर दिया गया है। छात्र सफेद धोती-कुर्ता या कुर्ता-पैजामा और छात्राओं को सफेद कलर की साड़ी पहन कर आना होगा। कुलपति प्रोफेसर मनोज दीक्षित की अध्यक्षता में निर्णय लिया गया कि 23 वें दीक्षांत समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानन्द प्रेक्षागृह में होगा।
बैठक में समस्त संकायाध्यक्ष एवं विभागाध्यक्षों ने कार्यक्रम की रूप रेखा तय की। बैठक में दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति एवं राज्यपाल उत्तर प्रदेश राम नाईक करेंगे। मुख्य अतिथि एवं मानद उपाधि प्राप्त कर्ताओं के लिए नामों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दीक्षांत समारोह के लिए विभिन्न समितियों के पुनर्गठन के लिए समस्त विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभाग के शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश कुलपति की ओर से दिए गए हैं। इस वर्ष भी गोल्ड मेडलिस्ट के अभिभावकों को भी आमंत्रित करने की व्यवस्था है। दीक्षांत समारोह के लिए दूसरी महत्वपूर्ण बैठक शीघ्र ही आहूत की जाएगी। जिसमें कमेटियों की संस्तुति की जाएगी। इस बैठक में उप कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी लाल प्रताप सिंह, परीक्षा नियंत्रक व कार्यवाहक कुलसचिव एसएन पाल के अतिरिक्त विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. आरके तिवारी, संकायाध्यक्ष कला प्रो. नन्द किशोर तिवारी, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. एसएन शुुक्ल, प्रो. केके वर्मा, आईईटी निदेशक प्रो. रमापति मिश्र आदि उपस्थित रहे।