समाधान को 158 मामले आए, निस्तारित हुए 29
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। जिले के सभी कोतवाली व थानों पर शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला अधिकारी संतोष कुमार राय व एसएसपी सुभाष सिंह बघेल ने थाना इनायतनगर में लोगों की समस्याओं को सुना। यहां पर कुल 30 शिकायतें आई, जिसमें से उपजिला अधिकारी बृजकिशोर दूबे ने एक का समाधान मौके पर किया।
तहसीलदार मिल्कीपुर बिनोद सिंह के अगुवाई में कुमारगंज थाने में समाधान दिवस पर दस शिकायती प्रार्थना पत्र आए जिसमें से मौके पर चार के निस्तारण के लिए टीम भेजी गई। थाना खंडासा में से कुल आठ मामले आए जिसमें से एक शिकायती पत्र का निस्तारण मौके पर करा दिया गया। रौनाही थाने में समाधान दिवस पर कुल 30 शिकायतें आईं जिनमे से 5 का मौके पर निस्तारण कराया गया। यहां पर तहसीलदार राजीव शुक्ला व प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र पाल सिंह सहित राजस्व कर्मी मौजूद रहे। वहीं, रुदौली कोतवाली में एसडीएम तहसीलदार और सीओ की मौजूदगी में 12 मामले दर्ज किए गए लेकिन एक भी मामलों का निस्तारण नहीं हो सका। जबकि मवई में 13 में से 7 और पटरंगा में 14 में से 6 मामलों के समाधान करने का दावा किया गया। इसी क्रम में बीकापुर में डीआईजी राकेश चंद्र साहू, एसडीएम प्रमोद तिवारी व सीओ संतोष सिंह ने लोगों की समस्याओं को सुना। कोतवाली अयोध्या में आरएम अशोक कुमार, सीओ उदयशंकर व प्रभारी निरीक्षक अरबिंद पांडेय के समक्ष 25 शिकायतें आईं। वहीं थाना महराजगंज में सीओ सदर दीपक कुमार व एसओ केके शुक्ला के समक्ष 11 शिकायतें आईं जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण किया। इसी क्रम में थाना कैंट में 5 शिकायतें आईं जिनमें से 2 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।