5.45 करोड़ से बनेंगे दो राजकीय इंटर कॉलेज
अयोध्या। ग्रामीणांचल में भी नौनिहालों को सस्ती, गुणवत्तापरक व बेहतर शिक्षा आसानी से मिल सके, इसके लिए प्रयास शुरू हो गए हैं। जिले में दो और राजकीय इंटर कॉलेज के निर्माण को हरी झंडी मिली है। 5.45 करोड़ की लागत से जिले के अयोध्या और मिल्कीपुर विधानसभा में एक-एक कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रथम किस्त के रूप में 1.23 करोड़ की धनराशि भी आवंटित हो चुकी है। चुनाव बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
शहरी इलाके में राजकीय व सहायता प्राप्त विद्यालय बहुतायत मात्रा में हैं, लेकिन ग्रामीणांचल में इनका अभाव है। जिसकी वजह से इन क्षेत्रों के बच्चे मजबूरी में निजी व गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने को विवश हैं। जहां दाखिले से लेकर परीक्षा तक छात्र-छात्राओं को बेतरतीब शुल्क वसूली से लेकर अन्य कई तरह से समस्याओं से जूझना पड़ता है।
इन्हीं समस्याओं से निजात दिलाने के लिए अब ग्रामीण इलाके के बच्चों को बेहतर व सस्ती तालीम देने के उद्देश्य से जिले में दो और राजकीय इंटर कॉलेजों के निर्माण की कवायद शुरू हुई है। अयोध्या विधानसभा के ददेरा ग्रामसभा में स्कूल के नाम से जमीन लंबे समय से रिक्त पड़ी थी। कई बार प्रयास के बावजूद भी स्कूल का निर्माण नहीं हो सका।
इस इलाके में एक भी राजकीय या सहायता प्राप्त विद्यालय संचालित न होने से यहां के बच्चों को मैट्रिक स्तर की शिक्षा ग्रहण करने के लिए शहर तक लंबी यात्रा तय करनी पड़ती थी। जिससे निजात के लिए अयोध्या विधायक वेदप्रकाश गुप्ता ने पहल की और जीआईसी के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा।
वहीं, मिल्कीपुर के इनायतनगर में भी राजकीय इंटर कॉलेज की मांग लंबे समय से चल रही थी। यहां भी निजी स्कूलों की भरमार है, लेकिन राजकीय इंटर कॉलेज की कमी होने से माध्यमिक शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाई का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की मांग पर विधायक बाबा गोरखनाथ ने शासन को प्रस्ताव भेजा था।
इन दोनों प्रस्तावों पर अमल करते हुए दोनों स्थानों पर इंटर कॉलेज के निर्माण को हरी झंडी मिल गई। शासन की ओर से कार्यदायी संस्था नामित करके बजट निर्धारण के लिए डीआईओएस को निर्देशित किया गया था। जिस क्रम में प्रति कॉलेज दो करोड़ 77 लाख 24 हजार व संयुक्त रूप से पांच करोड़ 45 लाख 48 हजार लागत मूल्य निर्धारित किया गया है।
दोनों कॉलेज के निर्माण के लिए प्रति कॉलेज प्रथम किस्त के रूप में 61 लाख 35 हजार की धनराशि 09 मार्च को ही आवंटित की गई है। राजकीय इंटर कॉलेज मिल्कीपुर का निर्माण कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम व ददेरा में सीएनडीएस द्वारा कराया जाएगा। पटल प्रभारी केके कनौजिया ने बताया कि प्रथम किस्त के रूप में दोनों स्कूलों के धन आवंटित हो चुका है।
आचार संहिता की वजह से निर्माण कार्य रुका हुआ है। जिला विद्यालय निरीक्षक अयोध्या राज बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि जिले के ददेरा व इनायतनगर में एक-एक राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण 5.45 करोड़ की लागत से होगा। प्रथम किस्त रिलीज हो चुकी है, कार्यदायी संस्था नामित हो चुकी है। चुनाव बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।