अयोध्या। जिला पंचायत में अध्यक्ष श्वेता सिंह व जिला पंचायत सदस्यों के बीच चल रही जुबानी जंग तेज हो गई है। रविवार को जिला पंचायत सदस्यों की ओर से सदस्य शंभूनाथ सिंह दीपू ने एलटी ग्रेड अध्यापक रवि प्रकाश सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष श्वेता सिंह का रिश्तेदार होने का प्रमाण देते हुए उन्हें राजनीति से संन्यास लेने का वादा पूरा करने की बात कही।
जिला पंचायत सदस्य शंभूनाथ सिंह दीपू ने आरोप लगाया है कि एलटी ग्रेड अध्यापक रवि प्रकाश सिंह के मौसा बजरंग सिंह के भतीजे राजेंद्र सिंह की पुत्री श्वेता सिंह से स्पष्ट पारिवारिक संबंध हैं। एलटी अध्यापक रवि प्रकाश सिंह की सगी मौसी जिला पंचायत अध्यक्ष श्वेता सिंह की रिश्ते में दादी हैं। जिला पंचायत सदस्य ने यह भी दावा किया है कि हकीकत में रवि प्रकाश सिंह की नियुक्ति कभी भी एलटी अध्यापक के रूप में नहीं हुई है।
नियुक्ति के संबंध में कोई भी पत्रावली विद्यालय, कार्यालय व जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व में न्यायालय के आदेशों की अवमानना करते हुए अभिभावक -अध्यापक एसोसिएशन के अंतर्गत कार्य करने वाले रवि प्रकाश सिंह को एलटी वेतनक्रम का भुगतान करते हुए राजकोष से अब तक 20 लाख की क्षति पहुंचाई गई है।
उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष के पूर्ववत सवाल कि अगर शिक्षक रिश्तेदार हुआ तो लेंगे संन्यास के जवाब में कहा कि अब नियुक्ति के संबंध में पुष्टित रिक्ति का विज्ञापन, विज्ञापन के सापेक्ष आवेदन, चयन समिति का गठन, चयन समिति की ओर से अपनाई गई प्रक्रिया, आरक्षण की स्थिति आदि को जिला पंचायत अध्यक्ष उपलब्ध करा दें तो हम सब संन्यास ले लेंगे।