सुचित्तागंज (अयोध्या)। सोहावल तहसील में शनिवार को आयोजित भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की मासिक पंचायत के दौरान एक किसान की मौत हो गई। भाकियू नेताओं ने ठंड लगने से मौत होने की आशंका जताई, जबकि प्रशासन ने इससे इन्कार किया है।
तहसील में आयोजित भाकियू की पंचायत के दौरान सुबह करीब 10 बजे किसान सरजू (55) निवासी पिलखावा की अचानक तबीयत खराब हो गई और कुछ देर में ही वह अचेत होकर पंचायत में बैठे-बैठे गिर गए। कार्यकर्ता उसे एंबुलेंस से सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
यूनियन के पदाधिकारियों ने इसकी सूचना तहसील प्रशासन व रौनाही थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह को दी। सूचना पाकर पुलिस के साथ तहसीलदार बीके सिंह व नायब तहसीलदार पैगाम हैदर सीएचसी सोहावल पहुंचे। भाकियू के जिला मीडिया प्रभारी फरीद अहमद, तहसील प्रभारी रामकुमार तिवारी, अनिल फौजी, अनूप पांडेय आदि ने एसडीम सोहावल से ठंड लगने से मौत की आशंका जताई।
एसडीएम सोहावल राजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि किसान की मौत ठंड से नहीं हुई है। आज कड़ाके की धूप थी। बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।