दीपोत्सव में शांति व सुरक्षा को उतारी गई मजिस्ट्रेटों की फौज
जिले व गैर जनपद से आए चार दर्जन मजिस्ट्रेट संभालेंगे कमान
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। अयोध्या के दीपोत्सव को सकुशल शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए मजिस्ट्रेटों की फौज उतार दी गई है। विशिष्ट अतिथियों के आगमन से लेकर कार्यक्रम स्थलों पर इनकी तैनाती की गई है। लगाए गए मजिस्ट्रेट कार्यक्रम शुरू होने के तीन घंटे पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंच जाएंगे। वरिष्ठ अफसरों के अलावा चार दर्जन मजिस्ट्रेट विभिन्न स्थानों पर लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला के साथ ही बिहार और उत्तर प्रदेश के राज्यपाल, प्रदेश के मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री प्रमुख रूप से पहुंचने वाले हैं। जिलाधिकारी ने हवाई पट्टी से सरकिट हाउस के साथ ही अयोध्या के कार्यक्रम स्थलों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। हवाई पट्टी, सरकिट हाउस के साथ मुख्यमंत्री, दोनों राज्यपाल की फ्लीट के साथ मजिस्ट्रेट रहेंगे। कोरिया गणराज्य की प्रथम महिला की फ्लीट में दो मजिस्ट्रेट लगाए गए है। कार्यक्रम स्थल पर प्रत्येक अतिथि के क्रू में तीन मजिस्ट्रेट होंगे। अयोध्या स्थिति हैलीपैड, दो शेफ हाउस में तीन मजिस्ट्रेट, सामान्य पार्किंग स्थल, वीआईपी पार्किंग और हनुमानगुफा की पार्किंग पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। साकेत से निकलने वाली शोभायात्रा के आगे, पीछे अगल-बगल कुल पांच मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों पर महारानी हो पार्क शिलान्यास स्थल पर तीन, राम कथा संग्रहालय पर दो, राम कथा पार्क में आठ, नया घाट आरती स्थल पर नौ मजिस्ट्रेट, राम की पैड़ी पर नौ, आतिशबाजी स्थल पर एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। अपर जिलाधिकारी नगर को संपूर्ण कार्यक्रम का प्रभारी बनाया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट को नगर क्षेत्र और रेजीडेंट मजिस्ट्रेट को अयोध्या शहर की सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। हवाई पट्टी की व्यवस्था के लिए अलग से मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। डीएम कार्यालय के मुताबिक सभी मजिस्ट्रेट अपनी ड्यूटी स्थल पर कार्यक्रम के तीन घंटे पूर्व पहुंच जाएंगे।