60 अफसरों की छापेमारी में अनुपस्थित मिले 72 अध्यापक
फैजाबाद। परिषदीय स्कूलों की दशा सुधारने व अध्यापकों की लेटलतीफी और कामचोरी दूर करने के लिए डीएम डॉ. अनिल कुमार का डंडा गुरुवार को भी चला। शिक्षा क्षेत्र मसौधा के सरकारी स्कूलों का डीएम के निर्देश पर गुरुवार को 60 अफसरों ने औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान कुल 72 अध्यापक गैर हाजिर पाए गए। साथ ही भारी खामियां मिली हैं। डीएम ने गैर हाजिर अध्यापकों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। साथ ही बीएसए से अब तक गैर हाजिर मिले सभी अध्यापकों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी तलब की है।
जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर गुरुवार सुबह करीब 7 बजे जिले के 60 अधिकारियों की टीम बनाकर अलग-अलग विद्यालयों में भेजा गया। जूनियर हाईस्कूल पिपरी में सुबह 8:30 तक विद्यालय का ताला ही नहीं खुला था।
फलस्वरूप निरीक्षण में गये अधिकारियों को बैरंग लौटना पड़ा। जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने बीएसए अमिता सिंह से अब तक किये गये निरीक्षण में अनुपस्थित पाये गये अध्यापकों के विरुद्ध कृत कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अध्यापकों की अनुपस्थिति यह बता रही है कि अध्यापकों एवं शिक्षा विभाग की आपसी मिलीभगत से विद्यालय न आने और पूरे माह का वेतन लेने का खेल लंबे समय से चल रहा है।
उन्होंने बीएसए से कहा कि हर ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारियों की डेली डायरी मंगाकर देखी जाय कि उन्होंने कितने विद्यालय चेक किए है। कहा कि निरीक्षण का अभियान लगातार चलता रहेगा। अध्यापक यह न समझें कि उनके विद्यालय का निरीक्षण हो चुका है तो अब नहीं होगा।