फैजाबाद। डोगरा रेजिमेंटल सेंटर फैजाबाद में शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 34 सप्ताह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद पास आउट हुए 191 रंगरूटों ने देश सेवा की शपथ ली। इस दौरान मुख्यालय मध्य कमान के ब्रिगेडियर अजय कुमार विग ने परेड की सलामी ली। इस दौरान जवानों की कदमों की थाप के साथ डोगरा रेजिमेंट के मिलिट्री बैंड ने अपनी मधुर धुन की छटा बिखेरी।
ट्रेनिंग के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रंगरूटों को मेडल प्रदान किए गए। सर्वश्रेष्ठ रंगरूट का पुरस्कार तनुज कुमार को दिया गया। शारीरिक क्षमता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर रंगरूट विवेक चौहान, शस्त्र एवं फायरिंग में रंगरूट हरीश शर्मा, खेलकूद में रंगरूट रोहित चंदेल, ड्रिल में रंगरूट रोशन लाल तथा रक्षा ज्ञान में रंगरूट अजय कुमार को मेडल प्रदान किए गए। ब्रिगेडियर ज्ञानोदय ने आला दर्जे की ड्रिल और उच्चकोटि के टर्नआउट के लिए जवानों को शाबाशी दी। परेड का निरीक्षण करने के बाद परेड को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर अजय कुमार विग ने कहा कि वर्तमान समय में देश की परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं, ऐसे में देश को आप जैसे होनहार सैनिकों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पास आउट हुए जवानों को अपनी यूनिट में पहुंचकर यहां सीखे हुनर का सदुपयोग करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने सभी रंगरूटों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि हमेशा भारतीय सेना की सर्वोत्तम सैनिक परंपरा को बनाए रखना है और रेजिमेंट का आदर्श वाक्य कर्तव्यमन्वात्मा अर्थात स्वयं से पूर्व कर्तव्य को अपना मार्ग दर्शन बनाना है। इस मौके पर डोगरा रेजिमेंटल सेंटर के आर्मी बैंड ने मधुर धुन बजाकर सबको आनंदित किया।