शादी का झांसा देकर दरोगा दो साल तक करता रहा सिपाही का यौन शोषण
फैजाबाद। अंबेडकरनगर जनपद में तैनात एक महिला सिपाही ने फैजाबाद के पटरंगा थाने में तैनात दरोगा पर शादी का झांसा देकर दो साल तक लगातार यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। एसएसपी के निर्देश पर नगर कोतवाली पुलिस ने दुराचार समेत एससी/एसटी एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही दरोगा के खिलाफ विभागीय जांच भी कराने की तैयारी है।
एसएसपी को दी गई तहरीर में अंबेडकरनगर में तैनात एक दलित महिला सिपाही ने फैजाबाद के पटरंगा थाने में तैनात दरोगा अजय कुमार यादव पर शादी का झांसा देकर लगातार यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार दरोगा दो वर्षों से उसे शादी का झांसा देकर संबंध बना रहा था। उसके द्वारा लगातार शादी करने का दबाव बनाने पर अंत में उसने शादी से इनकार कर गाली-गलौज की। आरोप है कि दरोगा अजय उसके अंबेडकरनगर स्थित आवास पर भी कई बार आया और यहां भी उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। एसएसपी के निर्देश पर नगर कोतवाली पुलिस ने दरोगा अजय कुमार यादव पर दुष्कर्म की धाराओं के साथ-साथ एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाल अमर सिंह ने बताया कि घटना की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है। मामला अंबेडकरनगर थाना क्षेत्र का है, केस को वहां स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है। वहीं आरोपी दरोगा से इस बाबत संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वो थाने पर नहीं मिले और उनका मोबाइल फोन बंद मिला।
पीड़िता की तहरीर पर दरोगा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता ने घटनास्थल में अंबेडकरनगर जनपद का जिक्र किया है, इसलिए केस भी अंबेडकरनगर ट्रांसफर किया जाएगा।- अरविंद चौरसिया, सीओ सिटी।