कुमारगंज। बाइक से गिरे एक युवक की जीप से कुचलकर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद लोगों के पीछा करने पर चालक जीप छोड़कर भाग गया।
अमेठी जनपद के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के निवासी जावेद अली का पुत्र महमूद (25) बुधवार सुबह नौ बजे बाइक से रानीपुर स्थित अपने मेडिकल स्टोर जा रहा था।
रास्ते में कुमारगंज थाना क्षेत्र के सत्थिन पुल के पास सड़क पर पड़ी बजरी में उसकी बाइक फिसलकर पलट गई। महमूद के सड़क पर गिरते ही सामने से आ रही जीप ने महमूद को कुचल दिया।
गंभीर रूप से घायल महमूद को सीएचसी खंडासा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे के बाद भाग रही जीप का स्थानीय लोगों ने काफी दूर तक पीछा किया।
इस पर चालक जीप छोड़कर भाग गया। कुमारगंज थाना प्रभारी नीरज राय ने बताया कि, जीप कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।