नगर कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में चंदा मांगने वाले आरोपी।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। पुलिस की वर्दी पहनकर चंदा मांगने वाले चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। चारों युवक मध्य प्रदेश के उज्जैन के रहने वाले हैं।
ये लोग बिना नेम प्लेट व बैज के खाकी वर्दी पहने हुए थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने खुद को बहरूपिया बताया है। पुलिस चारों से पूछताछ की जा रही है।
नगर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार सुबह चौक इलाके के इंचार्ज राजेश मिश्र को फोन पर सूचना मिली कि कुछ लोग पुलिस की वर्दी पहनकर क्षेत्र में सावन में बच्चों को कपड़ा, भोजन आदि देने के नाम पर चंदा मांग रहे हैं। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया।
इनकी पहचान महंगू नाथ, प्रताप नाथ, कन्हैया नाथ व सैतानाथ निवासी जिला उज्जैन के रूप में हुई। आरोपियों ने बताया कि वह बहरूपिया हैं और बच्चों के नाम पर लोगों से चंदा मांग रहे थे।
कोतवाल के अनुसार ये सभी लोग नाका स्थित एक धर्मशाला में ठहरे हुए हैं। इनके बारे में पता किया जा रहा। मामले में उज्जैन पुलिस से भी संपर्क साध उनके बारे में पता लगाया जा रहा है।