आग का कहर : गेहूं की फसल, घर और छप्पर जलकर राख
अयोध्या। जिले में अलग-अलग इलाकों में रविवार को आग का कहर जारी रहा। आग से गेहूं की फसल सहित घर और छप्पर जलकर राख हो गए। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
पटरंगा प्रतिनिधि के अनुसार रुदौली तहसील के पटरंगा थाना अंतर्गत मखदूमपुर गांव निवासी राजेश कुमार सोनी की सात बीघा गेहूं की तैयार फसल खड़ी थी। सुबह साढ़े ग्यारह बजे पावर हाउस के बगल स्थित खेत के पास से आग की लपटें उठने लगीं।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड व डायल 100 को दी। मौके पर पहुंची पटरंगा पुलिस व ग्रामीणों की मदद से जब तक आग पर काबू पाया जाता, राजेश सोनी की सात बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
रुदौली तहसीलदार शिव प्रसाद ने बताया कि घटनास्थल पर हल्का लेखपाल को भेजकर नुकसान का आंकलन करवाते हुए अहेतुक सहायता किसान को दी जायेगी।
सोहावल प्रतिनिधि के अनुसार रौनाही थाना क्षेत्र के गांव नवीगंज में शनिवार देर शाम अज्ञात कारणों से लगी आग की चपेट में आकर गांव निवासी आकाश सिंह व मुन्ना सिंह के खेत मे खड़ी गेहूं की करीब तीन बीघा फसल जलकर राख हो गयी।
अग्निशमन प्रभारी श्रेय बहादुर ने बताया कि ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझा ली थी। सुचित्तागंज प्रतिनिधि के अनुसार रौनाही थाना क्षेत्र के गांव मजनावा में महिलाओं द्वारा फेंकी गयी राख की चिंगारी ने दोपहर भीषण आग का रूप ले लिया।
देखते ही देखते दर्जन भर परिवारों के घर व सामान जलकर राख हो गया। रविवार की दोपहर लगी इस आग की चपेट में सियाराम, शिवकुमार, त्रिभवन, छोटेलाल, मिश्रीलाल, रमेश कुमार, तिलकराम, जयराम, शत्रोहन, रामू व ऋषिराम के घरों में सब कुछ जलकर राख हो गया।
वहीं, पूरेनाथू मिश्र खिरौनी निवासी घनश्याम मिश्र के खेत के पास लगे बिजली के खंभों से हुई शॉर्टसर्किट ने भीषण आग का रूप ले लिया और जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते एक हेक्टेयर गेहूं की फसल नष्ट हो गई।
राजस्व निरीक्षक महेश चंद्र तिवारी ने बताया पीड़ित परिवारों के साथ जले खेतों की क्षति का आंकलन किया जा रहा है। जल्दी ही प्रशासनिक स्तर पर अहेतुक सहायता उपलब्ध कराई जायेगी।
मवई प्रतिनिधि के अनुसार रुदौली तहसील क्षेत्र के कोटवा गांव में बिजली के तार से निकली चिंगारी से अचानक आग लग गई, जिससे एक छप्परनुमा घर व उसमें रखा सामान पूरी तरह जल गया।
कोटवा गांव निवासी पीड़ित रामचंद्र यादव ने बताया कि घर के पास गुजरी बिजली की केबल रविवार सुबह अचानक जलने लगी। जिससे निकली चिंगारी छप्पर पर गिरी और छप्पर जलने लगा। गुहार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
वहीं, दूसरी ओर रविवार सुबह से ही कोटवा, नेवरा व संडवा के बीच फैले जंगल में भी भीषण आग लग गई। हवा का रुख तेज होने से आग भयंकर रूप में फैल चुकी हैं। ग्र
ामीणों ने बताया कि सुबह ही वन विभाग के लोगों को सूचना दी गई लेकिन दोपहर तक कोई झांकने नहीं आया। दोपहर बाद दो क्षेत्रीय वनकर्मी प्रेम कुमार और भोंदू पहुँच कर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नही मिली तो वापस लौट गए।
खबर लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। ग्रामीण शेर बहादुर, सूरज, सुनील, शिव शंकर की माने तो करीब डेढ़ सौ बीघा जंगल जला है। मीरमऊ में भी शॉर्ट सर्किट से श्रीचंद्र पुत्र रघुराज के मकान में आग लग गई।
आग से घर में रखी नगदी, जेवर समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। श्रीचंद्र के घर से सटे हुए रघुराज पुत्र रामसनेही, रामसुखी पुत्र रघुराज, श्रीभगवान पुत्र रघुराज के मकान भी आग की चपेट में आ गए।
मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल शिवसरन ने बताया कि अग्निकांड में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। तहसीलदार शिव प्रसाद ने बताया कि लेखपाल को भेजा गया है, रिपोर्ट मिलते ही अहेतुक सहायता प्रदान कराई जाएगी।
अमसिन प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गेहूं के खेत में अचानक आग लगने से लचकवा निवासी उमाशंकर, सभाजीत व मुन्नू यादव का करीब चार बीघा गेहूं व लगभग 50 बीघे के करीब कटे हुए गेहूं के डंठल जल गए।
क्षेत्रीय लेखपाल पुनीत सिंह ने कहा कि आग से हुए क्षति का आकलन किया जा रहा है। जाना बाजार प्रतिनिधि के अनुसार आग से एक ग्रामीण का घर और दो ग्रामीणों की खेत में खड़ी फसल जल गई।
थाना क्षेत्र हैदरगंज के ग्राम सभा कटौना के मटौना निवासिनी सुमित्रा देवी पत्नी राम चरित पांडेय और राजकुमारी पत्नी अरविंद पांडेय के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता।
आग से दोनों लोगों की लगभग तीन बीघा गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। रौहारी के मजरे कतकौली गांव निवासी अयोध्या प्रसाद वर्मा के घर में रविवार सुबह आठ बजे के आसपास घर में खाना बनाने के दौरान लग गई।
आग से रसोईया सहित बगल स्थित बैठका और भुसैला का छप्पर जलने लगा। बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया। लेकिन भुसैला में रखे अनाज सहित गृहस्थी का सारा सामान जल गया।