फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवध पुरी प्रभु आवत जानी, भई सकल सोभा कै खानी...

विज्ञापन
विज्ञापन
दीपोत्सव के लिए दुल्हन की तरह सज रही अयोध्या
विज्ञापन

अयोध्या। त्रेतायुग जैसी अयोध्या की कल्पना रामनगरी में आकार लेती दिख रही है। अवसर है अयोध्या में आयोजित होने जा रहे दीपोत्सव का। ऐसा हो भी क्यों न....जब खुद राज्यपाल रामनाईक लंका पर विजय प्राप्त कर लौटे राम के स्वागत में खड़े होंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरू वशिष्ठ की भूमिका में राज्याभिषेक के लिए तिलक लगाने को आतुर होंगे।

प्रभु राम के आगमन की खुशी में अयोध्या तीन लाख दीपक जलाकर रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में भी है। रामचरित मानस में भगवान राम के अयोध्या आगमन को बयां करने वाली यह पंक्तिया...अवधपुरी प्रभु आवत जानी, भई सकल सोभा कै खानी, बहइ सुहावन त्रिबिध समीरा, भइ सरजू अति निर्मल नीरा.....पूरी तरह से चरितार्थ हो रही है।
विज्ञापन


दीपोत्सव को लेकर अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। अयोध्या दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने बृहस्पतिवार को पहुंचे मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय की फटकार के बाद काम में और तेजी आई है। सफाई व्यवस्था के लिए 800 कर्मचारी दिन-रात लगे हैं। सड़कों को चमकाया जा रहा है। रंग बिरंगी झालरों से जहां पूरा शहर जगमगाने को तैयार है।

वहीं विशेष एलईडी लाइटों से शहर की मुख्य इमारत जैसे साकेत महाविद्यालय, राजसदन, तुलसी उद्यान पार्क, राम की पैड़ी, राम कथा पार्क आदि चमक रहे हैं। नयाघाट से अयोध्या के अर्धनिर्मित प्रवेश द्वार को राजमहल का मुख्य द्वार बनाया जा रहा है। इसके अलावा घाट पर तीन भव्य व विशाल एलईडी गेट कार्यक्रम को चार चांद लगाने को तैयार हो रहे हैं।

एल शेप में रामायण प्रसंगों पर आधारित द्वार सरयू घाट की शोभा बढ़ा रहे हैं। नयाघाट से लेकर गोंडा की सीमा तक सरयू पुल को प्रकाशमय बनाया जा रहा है। राम की पैड़ी परिसर के मंदिरों को एक रंग में रंगा गया है। नगर विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या में आयोजित होने जा रहे दीपोत्सव अभूतपूर्व होगा।

रामराज्याभिषेक समारोह त्रेतायुग की परिकल्पना को साकार करता प्रतीत होगा। केंद्र एवं प्रदेश सरकार अयोध्या का गौरव पुर्नस्थापित करने को लेकर तत्पर है। दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान भगवान राम से जुड़ी विश्व की साझा संस्कृति के भी दर्शन होंगे। अनेक देशों से आने वाले रामलीला के पात्र, उनकी शैली, पहनावा, बोली आदि से अयोध्यावासी रू-ब-रू होंगे।

कंबोडिया, रूस, इंडोनेशिया, लाओस, त्रिनिडाड, श्रीलंका के कलाकार रामनगरी में राम की लीला का मंचन करेंगे। यह आयोजन विश्व के देशों से सांस्कृतिक आदान-प्रदान का भी माध्यम बनेगा। पुष्पक विमान से उतरने के बाद अयोध्या पहुंचने पर भगवान राम, सीता, लक्ष्मण व हनुमानजी के विग्रहों के साथ मुख्यमंत्री व राज्यपाल की अगुवानी के लिए राम कथा पार्क में भव्य स्टेज तैयार हो रहा है।

पहले से निर्मित पक्के स्टेज को इस बार 10 फीट और बढ़ाया गया है। स्टेज पर अतिथियों के बैठने के लिए विशेष कुर्सियां (सिंहासन) मंगाए गए हैं। संतों व सांस्कृतिक कार्यक्रम करने वाले कलाकारों के लिए अलग से मंच बनाया जा रहा है। दीपोत्सव पर अयोध्या कड़ी सुरक्षा में रहेगी, वीवीआईपी मूवमेंट के चलते श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं हो इसके लिए सुरक्षाकर्मी मित्र पुलिस की भूमिका निभाएंगे।
विज्ञापन


चप्पे पर सादी वर्दी व खुफिया पुलिस के जवान तैनात होंगे। ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से पूरे अयोध्या पर निगरानी रखी जाएगी। एसएसपी जोंगेंद्र कुमार के अनुसार इसके लिए पुलिस को ट्रैंड किया जा रहा है। आयोजन का दर्शन आम श्रद्धालु भी कर सकें इसकी भी व्यवस्था की जा रही है। कोरिया की प्रथम महिला के आगमन को लेकर सुरक्षा सख्त की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें