व्यवसायी से मांगी एक लाख रुपये की रंगदारी
फैजाबाद। तारुन थाना क्षेत्र के ग्राम खेमिपुर निधियांवा मजरे जैतपुर निवासी भगेलू प्रसाद गुप्ता के घर एक अजनबी व्यक्ति द्वारा सोमवार को भेजे गये एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने के पत्र ने परिवार में भूचाल खड़ा कर दिया है। रजिस्टर्ड पत्र में व्यवसायी भगेलू के बेटे पंकज गुप्ता से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पंकज सहारा का एजेंट है और गांव में फेरी लगाकर रेडीमेड कपड़े का व्यापार करता है। गांव के एक व्यक्ति द्वारा पहले भी पंकज को धमकी देकर मोबाइल से रंगदारी मांगने का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। पत्र में जिस व्यक्ति का नाम लिफाफे में अंकित है, वह गांव के एक व्यक्ति की हत्या में कई साल बाद जेल से छूटकर घर आया है। गांव वालों के साथ बुधवार को थाने पहुंचकर पीड़ित व्यापारी ने तारुन पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। तारुन थाना प्रभारी श्रीनिवास पांडेय ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की छानबीन कर जांच कर रही है।