मृतक आश्रित को विधायक ने सौंपा 8.95 लाख का चेक
अयोध्या। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने मंगलवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से करीब 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक पीड़ित को सौंपा। सोमवार शाम आई आंधी में रेतिया इलाके मे एक पेड़ छप्पर के घर पर गिर गया था। इसमें एक गर्भवती महिला व उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई थी। मौके पर पहुंचे अयोध्या विधायक ने इसकी सूचना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवार को अपनी शोक संवेदना देते हुए दोनों मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।
घटना के दूसरे दिन मंगलवार सुबह ही विधायक वेद प्रकाश गुप्ता पीड़ित परिवार से मिले और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को 8 लाख 95 हजार 39 सौ रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। सदर तहसीलदार मनोज सिंह ने बताया कि इसमें चार-चार लाख आर्थिक सहायता के अलावा 95 हजार घर बनाने के व 39 सौ रुपये कपड़े व बर्तन के लिए दिए गए हैं। इस दौरान भाजपा सेक्टर प्रभारी राम सिंह निषाद, संतोष निषाद, राकेश मौर्या, लक्ष्मण निषाद आदि मौजूद रहे।
पूर्व विधायक ने श्रद्धालुओं के परिवारीजनों को दी आर्थिक सहायता
शुजागंज (फैजाबाद)। जम्मू के शिव खेड़ी में हुई दुर्घटना पर मृत श्रद्धालुओं के परिवार के प्रति शोक जताने मंगलवार को सपा के पूर्व मंत्री व राष्ट्रीय प्रवक्ता सै. अब्बास अली जैदी उर्फ रुश्दी मियां मृतकों के घर अमरौती व अहमदाबाद गांव पहुंचे। उन्होंने अपने निजी कोष से मृतक परिवारीजनों को आर्थिक सहायता प्रदान तथा मृतक दीपक कुमार उर्फ पवन की विधवा व बच्चों को प्रति माह आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ घायलों के इलाज हेतु हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उनके साथ यतींद्र पांडेय, शाहब अख्तर खान, श्रीपाल रावत, पूर्व प्रधान मसीह आलम आदि मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं के परिवारीजनों से मिले सांसद
शुजागंज (फैजाबाद) ।अमरौती गांव पहुँचे भाजपा सांसद लल्लू सिंह ने जम्मू हादसे के शिकार श्रद्धालुओं के परिवारीजनों से मंगलवार दोपहर मिल कर घटना पर दुख जताते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। ट्रॉमा सेंटर में भर्ती अयोध्या प्रसाद के इलाज में हर संभव मदद की बात कही। इस मौके पर एसडीएम रुदौली पंकज सिंह, शिव गोविंद पांडेय, धर्मेद्र सिंह, बृजराज सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।