फोरलेन हाईवे हुआ चौड़ा, ढहाई दर्जनों दुकानें
फैजाबाद। शहर से सटे लखनऊ-गोरखपुर फोरलेन हाईवे की दोनों पटरियों पर ट्रकों की मरम्मत की दुकानों के कारण लगने वाले जाम से निजात के लिए प्रशासन का चाबुक शुक्रवार को दूसरे दिन भी चला। प्रभारी एसएसपी अनिल सिसोदिया ने सिटी मजिस्ट्रेट और एनएचएआई की टीम के साथ दूसरे दिन भी अभियान चलाया। जनौरा स्थित बालू की मंडी में गलत तरीके से पार्किंग कर खड़े 12 ट्रकों का चालान कर 15 हजार का जुर्माना वसूला। शनिवार को बस्ती ओवरब्रिज तक अभियान चलाया जाएगा।
जिले के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में शुक्रवार को शांति चौक से अवध विश्वविद्यालय होते हुए ब्रह्मबाबा तक हाईवे व सड़क के दोनों किनारे अतिक्रमण हटाया गया। इसके अलावा नाका बाईपास से लेकर देवकाली बाईपास के निकट तक दोनो पटरियों पर हाईवे के किनारे खड़े ट्रकों को हटवाया गया और अवैध रूप से बनी दुकानों को जेसीबी से गिराया गया। सुबह 5 से 7 बजे तक एसपी सिटी ने पुलिस बल के साथ जनौरा स्थित बालू मंडी में खड़े 12 ट्रकों का चालान कर 15 हजार की वसूली की। इसे बाद पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चले अभियान में प्रभारी एसएसपी/एसपी सिटी, एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट व सभी चौकी प्रभारी और एक प्लाटून पीएसी के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत की गई। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखी गुमटियां, चाय की दुकानों समेत हर प्रकार के अतिक्रमण को ढहाया गया। एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया कि इन ट्रकों से हाईवे पर जाम लगा रहता था और हादसे का भी अंदेशा बना रहता था, इसे हटाया जा रहा है। शनिवार को अभियान के तहत देवकाली बाईपास से लेकर अयोध्या तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। एसपी सिटी ने चेतावनी दी है कि यदि स्वेच्छा से लोग अतिक्रमण हटा लें तो ठीक है अन्यथा जुर्माना भी वसूला जाएगा।