फैजाबाद। दीपावली के मद्देनजर खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता परखने के लिए खाद्य विभाग की छापेमारी जारी है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारी टीम बनाकर प्रतिदिन जिले के विभिन्न इलाकों में दुकानों पर छापेमारी कर खाद्य नमूने सील कर रहे हैं। शुक्रवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने वजीरगंज स्थित जेबीएल एग्रो इ.लि. से झूला वनस्पति का नमूना सील किया। देवकाली स्थित फेमिली बाजार से तिल का तेल का नमूना लिया गया। उसरू रायबरेली रोड स्थित दुबे मिष्ठान भंडार से बेसन का नमूना लिया गया। मिठाई की गुणवत्ता खराब होने पर दुकान स्वामी अवध कुमार दुबे को कड़ी फटकार लगाते हुए करीब 4 किग्रा मिठाई नष्ट कराया गया। यहीं स्थित हुकुमचंद यादव की मिठाई की दुकान से राजभोग का नमूना लिया गया। साथ ही 5 किग्रा. पेड़ा नष्ट कराया गया। अभिहित अधिकारी दीपक सिंह ने बताया कि लिए गए नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त होने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विवेक कुमार, संजय सिंह, सम्राट, नीरज चौधरी आदि मौजूद रहे।