तीन दिवसीय अन्त्योदय मेला, गोष्ठी व प्रदर्शनी 30 से
-पं. दीनदयाल जन्म शताब्दी पर आयोजित समारोह में आएंगे प्रभारी मंत्री सतीश महाना
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के अवसर पर तीन दिवसीय जनपदीय अन्त्योदय मेला, गोष्ठी व प्रदर्शनी का आयोजन डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में 30 अगस्त से 1 सितंबर 2017 तक किया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी एसके राय ने दी।
बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के औद्योगिक विकास व प्रभारी मंत्री सतीश महाना होंगे। इसके अतिरिक्त अति विशिष्ट अतिथियों में राज्य सभा सदस्य विनय कटियार, सांसद फैजाबाद लल्लू सिंह व सांसद अंबेडकरनगर हरिओम पांडेय शामिल होंगे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, राम चंदर यादव, इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू, शोभा सिंह चौहान व गोरखनाथ बाबा शामिल होंगे।
समारोह में प्रतिदिन स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए जाएंगे, उप श्रमायुक्त द्वारा कैंप लगाकर श्रमिकों का पंजीयन कराया जाएगा। समाज कल्याण, दिव्यांग कल्याण, विधवा, वृद्धा पेंशन फार्म भरवाएं जाएंगे। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूह, पंचायत, प्रधानमंत्री आवास योजना, डूडा, कौशल विकास मिशन, महाप्रबंधक उद्योग, खादी ग्रामोद्योग, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बेसिक शिक्षा विभाग, आईटीआई, सेवायोजन पशुपालन, सूचना आदि विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाकर योजनाओं के उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।