बिना आधार लिंक कराए नहीं मिलेगा कर्जमाफी का लाभ
फैजाबाद। जिले में कर्जमाफी की सूची में शामिल 69,396 में से 34,014 किसानों के बैंक खाते आधार से लिंक ही नहीं हैं। बैंक खातों को आधार कार्ड से लिंक कराए बिना किसानों को कर्जमाफी का लाभ नहीं मिल पाएगा। आधार से लिंक किसानों को कर्जमाफी का लाभ 15 अगस्त से मिलना शुरू होगा।
किसानों के कृषि ऋण माफ करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। जिले के व्यावसायिक बैंकों के 65,494 और सहकारी बैंक के 3,902 किसानों का डाटा बैंकों से लोड करके लखनऊ भेजा गया है। इन लघु और सीमांत किसानों के एक लाख रुपये तक का कर्ज माफ करने का प्रस्ताव है।
कर्जमाफी का लाभ पाने के लिए जरूरी है कि कर्जदार किसान का बैंक खाता आधार से लिंक हो। डाटा फीडिंंग के बाद जो तस्वीर सामने आई है उसके मुताबिक 69,396 में से 35,382 किसानों के बैंक खाते आधार से लिंक हैं जबकि 34,014 किसानों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं।
कर्जमाफी का लाभ उन किसानों को पहले मिलेगा जिनका बैंक खाता आधार से लिंक है। अर्थात 35,382 किसानों को इसका लाभ पहले मिलेगा। कर्जमाफी के पहले फीड डाटा तहसीलों में भेजा जाएगा। वहां इनकी जांच-पड़ताल की जाएगी।
इसके बाद इन किसानों के खाते में एक लाख रुपये तक के कर्ज की रकम भेजी जाएगी। जिन किसानों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं, उनको आधार से जोड़ने व राजस्व जांच के बाद दूसरे चरण में ऋण माफी का लाभ मिलेगा।
अफसरों का कहना है कि, कर्जमाफी के दायरे में आने वाले किसानों को यथाशीघ्र आधार बनवाकर उसे बैंक खाते से लिंक कराना चाहिए। जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह ने भी इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि, बगैर बैंक खाते को आधार से लिंक कराए कर्जमाफी नहीं होगी। कर्जमाफी के योग्य जिन किसानों के बैंक खाते आधार से लिंक हैं उनकी कर्जमाफी 15 अगस्त तक होनी शुरू होगी।