पीएचसी में बंद मिला ताला
कुमारगंज (फैजाबाद)। डीएम संतोष कुमार राय ने गुरुवार को पीएचसी बंवा समेत कुमारगंज थाने का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी को सीएचसी में ताला बंद मिला व सीएचसी के सामने खूंटे से गायें बंधी मिलीं। परिसर में गंदगी देख डीएम ने प्रभारी चिकित्साधिकारी पंकज श्रीवास्तव से स्पष्टीकरण मांगते हुए पूरे स्टाफ का वेतन रोकने का निर्देश सीएमओ को दिया है।
गुरुवार शाम डीएम, एसडीएम मिल्कीपुर पंकज सिंह व सीओ राजू कुमार के साथ अचानक बवां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। पीएचसी के मुख्य गेट में ताला बंद मिला व सामने खूंटे से दो गायें बंधी मिलीं। इसके साथ ही प्रभारी चिकित्साधिकारी समेत पूरा स्टाफ ड्यूटी से नदारद था।
इससे नाराज डीएम ने मौके परे ही एडीशनल चिकित्साधिकारी डीबी द्विवेदी से बात कर ड्यूटी से नदारद पीएचसी के पूरे स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगते हुए वेतन रोकने का निर्देश दिया। इसके बाद डीएम ने कुमारगंज थाने पहुंचकर अभिलेखों का गहन निरीक्षण भी किया।