तेज धूप से बढ़ी उमस, हल्की बारिश के आसार
फैजाबाद। पिछले कुछ दिनों से सुहावना मौसम शुक्रवार को फिर शुष्क हो गया। तेज धूप व गर्मी से लोग हलकान रहे और दिन भर पसीने पोंछते नजर आए। मौसम विभाग का इनदिनों अच्छी बारिश का लगाया गया पूर्वानुमान एक बार फिर फेल हो गया। अब हल्की बारिश के आसार जताए जा रहे हैं।
किसान तेज बारिश का इंतजार ही करता रहा, जलस्तर में भी कोई खास सुधार नहीं हो सका। पिछले दिनों हुई बरसात से किसानों को खासा लाभ नहीं मिल सका है और अब मौसम विभाग भी अच्छी बारिश का संकेत नहीं दे रहा है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 33.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो कि सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा, तो न्यूनतम भी 26 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता अधिकतम 94 व न्यूनतम 65 रिकार्ड की गई।
नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक के अनुसार शनिवार और रविवार को हल्की बारिश होने की उम्मीद है, जबकि तेज वर्षा के आसार नहीं दिख रहे हैं।