पावर कार्पोरेशन के कामों की हर सप्ताह होगी समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। अयोध्या व फैजाबाद में बिजली कटौतियों की शिकायतों के चलते पावर कार्पोरेशन की अब हर सप्ताह समीक्षा होगी। शासन की ओर से यहां की आपूर्ति-व्यवस्था के आमूल-चूल सुधार के निर्देश हैं लेकिन जिस तरह से गाहे-बेगाहे कटौतियां हो रही है, उसकी शिकायतें शासन को मिल रही हैं। ऐसे में यहां के आपूर्ति की हर सप्ताह समीक्षा होनी है। इसको लेकर विभाग में हलचल है। पावर कार्पोरेशन के मुख्य अभियंता हर्षमुंशी का कहना है कि वीसी के जरिए कार्पोरेशन व शासन के अफसरों की ओर से समीक्षा को अमली रूप दिया जा रहा है।
हाल में ही सूबे के कैबिनेट उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के यहां आने पर लोगों ने बिजली कटौती किये जाने की शिकायतें की थी। जिस पर मंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया था कि वह अयोध्या-फैजाबाद की आपूर्ति में जल्द सुधार कराएंगे और जरूरी हुआ तो वे हर हफ्ते समीक्षा भी करेंगे। बताया जा रहा है कि अब इस पर अमल शुरू कर दिया गया है। इससे विभाग में हलचल है और आपूर्ति व्यवस्था सुधारने के निर्देश सभी अवर अभियंताओं को दिये गए हैं। कार्पोरेशन के मुख्य अभियंता ने बताया कि वे सभी एक्सईएन को शासन की मंशा से अवगत करा चुके हैं, डिवीजनों से उपकेन्द्र वार आपूर्ति की रिपोर्ट मांगी जा रही है।
इनसेट
कई इलाकों में बिजली गुल, गर्मी से लोग परेशान
पावर कार्पोरशन एक ओर ईद पर्व की तैयारियों में जुटने का दावा किया। तो दूसरी ओर कई इलाकों में बिजली आपूर्ति की स्थिति गंभीर रही। नियावां उपकेन्द्र के कई मोहल्लों में शानिवार को सुबह से बिजली नदारद रही। इस क्षेत्र में ट्रांसफार्मर में आयी खराबी के चलते लोग भीषण गर्मी में बिलबिला उठे। उपभोक्ताओं का कहना है कि वे सुबह से शाम तक अवर अभियंता को फोन करते रहे, सही से जानकारी नहीं दी जा रही थी कि कब बिजली आएगी। वहीं शाम को अवर अभियंता ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदला जा रहा है, जल्द आपूर्ति चालू हो जाएगी। वहीं शुक्रवार की शाम को अयोध्या इलाके में देर शाम बिजली गुल रही।