अयोध्या। राम की नगरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ती जा रही है। स्नान पर्वों पर बहुत से श्रद्धालु ऐसे आते हैं, जिनके पास रुकने व ठहरने के लिए पैसे तक नहीं होते हैं। इन यात्रियों को शासन ने बड़ी राहत दी है। ऐसे श्रद्धालुओं व असहायों के लिए इंटरस्टेट बस टर्मिनल ( आईएसबीटी) के पास 300 बेड का आश्रय स्थल बनने जा रहा है।
परिवहन निगम का नया अन्तरराज्यीय बस अड्डा अयोध्या में मांझा बरहटा के समीप बना है। यहीं पर इस रैन बसेरे के लिए जमीन आवंटित हुई थी। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अयोध्या विकास प्राधिकरण ने यहां पर 300 बेड का रैन बसेरा बनाए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। जिसकी लागत 17 करोड़ रुपये आंकी गई थी। अब शासन ने एडीए के इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने बताया कि शासन ने 17 करोड़ का बजट पास कर दिया है। जमीन पहले से ही तय है, अब जल्द ही टेंडर आदि करवाकर निर्माण प्रारंभ करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका संचालन किसी संस्था के माध्यम से करवाया जाएगा। ताकि इसके रखरखाव का खर्च कम से कम आए।