कैबिनेट मंत्री अवधेश प्रसाद के क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहद खराब हो गई है। क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर बाद से गुल हुई बिजली शनिवार की देर शाम तक नहीं आई थी। बिजली न मिलने से उमस भरी गर्मी में लोग परेशान हैं तो खेती-किसानी व उद्योग-धंधे प्रभावित हो रहे हैं।
पिछले 24 घंटे से अधिक समय से क्षेत्र में बिजली न आने से नाराज उपभोक्ता कहते हैं कि जब सप्लाई बंद होती है तो कोई भी अधिकारी फोन भी नहीं उठाता है। हैरिंग्टनगंज बाजार निवासी सुभाष, ग्राम घुरेहटा निवासी सुरेंद्र यादव ने कहा कि बिजली कर्मियों की मनमानी की वजह से एक ही फीडर के आधे हिस्से में सप्लाई रहती है और आधे में अंधेरा बना रहता है।
ग्राम सुल्तानपुर निवासी विजय तिवारी कहते हैं कि कर्मियों की लापरवाही की वजह से हरिनाथपुर फीडर पर हर दूसरे-तीसरे दिन बिजली गुल रहती है। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बताया कि क्षेत्र में बिजली के आने और जाने का कोई शेेड्यूल ही नहीं है।
पावर कॉर्पोरेशन के जेई आरएस गुप्त का कहना है कि क्षेत्र की जर्जर लाइन और मेन लाइन पर ब्रेक डाउन की वजह से दिक्कत हो रही है। शीघ्र ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी।