महराजगंज थाने की चौकी पूराबाजार के ग्रामसभा रामपुर पुवारी के धनई का पुरवा में शुक्रवार को दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से 23 परिवारों की गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। हादसे में लाखों का नुकसान हुआ है। अग्निपीड़ित अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
शुक्रवार दोपहर आग केशवराम निषाद के घर में लगी। आग की लपटें तेज हवा के साथ इतनी तेज फैली कि ग्रामीण कुछ समझ नहीं पाए कि आग बुझाने के लिए किधर जाएं। कुछ ही पलों में आग की चपेट में आए धनई का पुरवा के 23 मकान जलने लगे।
लोगों ने अग्निशमन दल को फोन कर सूचना दी लेकिन जब दल पहुंचा तो देर हो चुकी थी। घरों में रखा अनाज, बर्तन, कपड़ा, चारपाई, चारा मशीन सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया।
जिन लोगों का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया उनमें केशवराम निषाद, मंशाराम, बुझारथ, विनोद, रामशंकर, तुलसीराम, जगराम, जगरनाथ, हरिश्चंद्र, सुरेश, रघुवीर, भगवानदास, वासुदेव, आशाराम, रामजनक, ओमप्रकाश, गया प्रसाद, राम बहादुर, राम कुमार, रामजीत, रामनयन, परशुराम, मिठाई लाल शामिल है। सभी अग्निपीड़ित निषाद परिवार के है।