बैक पेपर परीक्षा के पहले दिन ही पकड़ी सामूहिक नकल
फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में मंगलवार से शुरू हुई बैक पेपर परीक्षा के पहले दिन ही सामूहिक नकल पकड़े जाने का मामला प्रकाश में आया है।
निरीक्षण पर पहुंचे प्रभारी कुलपति ने रामदेवरा ढोढेराम पीजी कॉलेज की प्रथम व दूसरी पाली की परीक्षा निरस्त कर दी है। सीसीटीवी की निगरानी में मंगलवार को बैक पेपर की परीक्षा शुरू हुई।
सुबह की पाली में प्रभारी कुलपति प्रो. आरएल सिंह ने परीक्षा केंद्र ढोढेराम पीजी कॉलेज सेवरा का औचक निरीक्षण किया। उक्त कॉलेज में चल रहे सामूहिक नकल के दृष्टिगत प्रथम एवं द्वितीय पाली की परीक्षा को निरस्त कर दिया।
इस दौरान बड़ी मात्रा में नकल सामग्री बरामद की गई है। निरस्त हुए विषयों के परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। निरीक्षण में प्रभारी कुलपति के साथ प्रॉक्टर प्रो. आर एन राय और प्रो. एमपी सिंह एवं अन्य शामिल रहे।