स्वस्थ शिशुओं की माताओं को किया पुरस्कृत
फैजाबाद। स्तनपान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले में एक अगस्त से विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जा रहा है। शहरी क्षेत्र के 50 से अधिक बच्चों का आज जिला महिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और स्वस्थ बच्चों की माताओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान माताओं को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य में स्तनपान की भूमिका पर जानकारी भी दी गई।
स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत महिला जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके शुक्ला ने नियमित स्तनपान व बच्चों को कुपोषण से दूर रखने के लिए माता संजू को प्रथम, रीता को दूसरा व तीसरा पुरस्कार आफरीन को दिया। पुरस्कार में बच्चों के खिलौने एवं बेबी किट दिया गया। इस दौरान सीएमएस ने बताया कि बच्चे के जन्म के एक घंटे के अंदर दिया जाना वाला दूध से लेकर 6 माह तक सिर्फ स्तनपान एवं दो साल तक नियमित स्तनपान बच्चे को बहुत सारे रोगों से बचाता है। कहा कि बच्चे की प्रतिरोधक क्षमता को विकसित करने में स्तनपान सर्वोत्तम आहार है। इस दौरान डॉ. विक्रम, टीएसयू की जिला टेक्निकल स्पेश्लिस्ट डॉ. प्रियंका समेत जिला महिला अस्पताल के स्टाफ मौजूद रहा। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सीवी द्विवेदी ने बताया कि स्तनपान सप्ताह में जिले के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों के सहयोग से ब्लॉक स्तर पर स्तनपान के विषय में कार्यक्रम के द्वारा आम लोगों को जागरूक किया गया।