पारा 41 के पार, स्कूलों का समय बदला
फैजाबाद। तेज धूप और गर्म हवा के थपेड़ों के साथ मंगलवार को तापमान और बढ़ गया। अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री पर पहुंच गया। हालात को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा एक से 8 तक के सभी बोर्डों के स्कूलों को सुबह 7 से 11 बजे तक ही संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र बतातेे हैं कि आने वाले दिनों में जिले का तापमान और बढ़ सकता है।
गर्म पछुआ हवा के साथ चटख धूप से मंगलवार को लोग खासे परेशान रहे। हर कोई कार्यालयों व घरों से बाहर निकलने से बचता दिखा। मजबूरियों में निकले लोग सिर और मुंह लपेट कर चलते दिखे। गर्मी बढ़ने से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के बाजार में दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं खरबूज, तरबूजा, खीरा और ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। वहीं जिले में संचालित नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालय अब सुबह 7 बजे से 11 बजे तक संचालित होंगे। जिलाधिकारी के आदेश पर यह निर्देश जारी करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमिता सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी और लू के कारण विद्यालय के संचालन में कठिनाई हो रही है और बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसके चलते अब तक चल रहे सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक के समय में जिलाधिकारी ने समय परिवर्तन किया है। स्कूल अब सुबह 7 से 11 बजे तक ही संचालित होंगे। उन्होंने निर्गत आदेश में कहा है कि जो भी आदेश की अवहेलना करेगा, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बोले डॉक्टर, सुबह 10 बजे तक निपटा लें काम
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. नानकसरन ने चटख धूप और गर्व हवा को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने और खूब पानी पीने की सलाह दी है। उनका कहना है कि जरा सी लापरवाही हीट स्ट्रोक का कारण बन सकती है। कहा कि ऐसे मौसम में सुबह 10 बजे तक सभी कार्य निपटा लेने में ही भलाई है। धूप में निकलना मजबूरी हो तो पूरा बदन ढंककर निकलने में ही अच्छाई है।