जय बजरंगबली के जयकारों से गूंजा शहर
अयोध्या। जेठ माह के प्रथम मंगलवार को रामनगरी अयोध्या में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से ही उमड़ी भीड़ ने सरयू स्नान कर विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। हनुमानगढ़ी में अलसुबह से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला रात्रि तक जारी रहा। इस वर्ष जेठ माह का विशेष महत्व है, मलमास के चलते जेठ माह 59 दिनों का होगा, इस दौरान नौ बडे़ मंगल पड़ेंगे।
जेठ माह के पहले मंगलवार को धार्मिक नगरी अयोध्या श्रद्धालुओं से गुलजार हो उठी। बड़ी संख्या में भक्तों ने पवित्र सरयू नदी में स्नान कर हनुमानगढ़ी सहित कनकभवन व रामलला के दरबार में माथा टेका। रामनगरी में तो वर्ष भर हनुमानगढ़ी में बजरंग बली के दर्शन को कतारें लगी रहती हैं, लेकिन जेठ माह में मंगलवार को दर्शन-पूजन का विशेष महत्व है। इसी मान्यता के चलते जेठ माह के मंगलवार को हनुमानगढ़ी में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ता है। प्रथम मंगलवार को भी यही स्थिति रही। भोर की आरती के साथ शुरू हुआ दर्शन का सिलसिला शयन आरती तक अविराम जारी रहा। संपूर्ण रामनगरी जय श्रीराम, जय बजरंगबली के जयकारे से गुंजायमान होती रही। वहीं नाका हनुमानगढ़ी सहित शहर के अन्य हनुमान मंदिरों में भी दर्शन पूजन को भक्तों का तांता लगा रहा।
भीड़ के चलते घंटो जाम रही रामनगरी
बडे़ मंगल पर अयोध्या में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ से रामनगरी घंटों जाम रही। प्रशासन ने श्रीराम अस्पताल से नयाघाट तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर रखा था। दंतधावन कुंड तिराहे से डाकखाना तिराहे तक घंटों जाम की स्थिति बन रही। प्रशासन ने रूट डायवर्जन कर भीड़ को संभाला। वहीं हनुमानगढ़ी में सीओ अयोध्या राजकुमार साव सहित अन्य पुलिस बल मुस्तैद दिखा।
पुण्य कमाने की रही होड़ जगह-जगह हुए भंडारे
अयोध्या/फैजाबाद। जेष्ठ माह के प्रथम मंगलवार को जुड़वा शहर में पुण्य कमाने की होड़ रही। विभिन्न संगठनों, संस्थाओं द्वारा जगह-जगह स्टाल लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की गई। कहीं शरबत पिलाया गया तो कहीं पूड़ी-सब्जी, छोला-चावल, हलुआ का प्रसाद भक्तों में वितरित किया गया। श्रीरामजानकी मंदिर में भंडारे का शुभारंभ नगर विधायक वेद गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के संयोजक अशोक कुमार गुप्ता के निर्देशन में भक्तों को शरबत का वितरण किया गया। भंडारे में सुरेश मित्तल, प्रेमनाथ राय, सुरेश सोनकर, अभय रावत आदि भक्तों ने शरबत वितरण किया। श्रीमरी माता मंदिर रामनगर तिराहा पर चंचल पुजारी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं का शरबत वितरण किया गया। इससे पूर्व मरी माता मंदिर में भव्य झांकी सजाई गई। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ.निर्मल खत्री ने शरबत वितरण का शुभारंभ किया। इस दौरान रामजी पांडेय, राजेंद्र प्रताप सिंह, उग्रसेन मिश्र, रामदास वर्मा आदि मौजूद रहे। दर्शननगर बाजार में शंकर मंदिर के पास बडे़ मंगल पर भक्तों को शरबत व पेठा का वितरण किया गया। इस कार्य में रमेश गुप्ता, आकाश गुप्ता, आशीष गुप्ता, विशाल गुप्ता, अजय गुप्ता, सुनील गुप्ता सहित अन्य शामिल रहे।