फैजाबाद। निकाय चुनाव में मतों की गिनती के लिए निकायवार 56 टेबल सजाई जाने की तैयारी है। ईवीएम से गिनती के लिए प्रत्येक टेबल पर चार तो बैलेट बाक्स से गिनती के लिए पांच मतगणना कार्मिक लगाए जाएंगे।
इनकी व्यवस्था के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मतगणना एक दिसंबर को कराई जाएगी। इसके पहले मतगणना कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पहले ईवीएम से मतों की गिनती के लिए 12 टेबलें लगाए जाने का प्रस्ताव था जबकि बैलेट पेपर वाले वोटों की गिनती के लिए रुदौली में आठ-आठ और नगर पंचायतों में दो-दो टेबले लगाए जाने का प्रस्ताव था।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राज्य निर्वाचन आयोग को इस बावत पत्र लिखा था। इसमें कहा गया था कि कम टेबलों से मतों की गिनती में ज्यादा समय लगेगा।
इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने नए सिरे से इसके लिए टेबलों का निर्धारिण कर दिया। मतगणना स्थलों का चयन पहले ही किया जा चुका है।
मतगणना जिले के चार स्थानों पर होगी, लेकिन मतगणना में लगाए गए कर्मचारियों को प्रशिक्षण यहीं मुख्यालय पर दिया जाएगा।
राजकीय इंटर कॉलेज में नगर निगम अयोध्या व गोसाईगंज तो आरडी इंटर कॉलेज में भदरसा, बीकापुर तहसील में बीकापुर और हिंदू इंटर कॉलेज में रुदौली नगर पालिका परिषद के लिए पड़े वोटों की गिनती की जानी है।
आयोग के नए निर्देश के मुताबिक इनमें नगर निगम अयोध्या के वोटों की गिनती के लिए सबसे अधिक 18 टेबल लगाई जाएंगी। रुदौली में अध्यक्ष के लिए आठ और सदस्य के लिए आठ टेबल लगाई जाएंगी।
नगर पंचायत भदरसा, गोसाईगंज व बीकापुर में अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए पड़े वोटों की गिनती के तीन-तीन मेजें सजाई जाएंगी।
निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ सहायक तौसीफ अहमद ने बताया कि वोटों की गिनती के लिए राज्य निर्वाचन आयोग से मेजों की संख्या तय कर दी गई है। इसी के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है।
मतगणना कार्मिकों का पहला रेंडमाइजेशन
निकाय चुनाव में पड़े वोटों की गिनती के लिए मतदान कार्मिकों की तैनाती का काम शुरू हो गया है। इसके लिए विकास भवन में पहला ऑनलाइन रेंडमाइजेशन अफसरों की मौजूदगी में कर दिया गया। अब इनको प्रशिक्षण दिए जाने की व्यवस्था की जा रही है।