जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
फैजाबाद। जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है, शनिवार को डेंगू से पीड़ित एक और मामला सामने आया है, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि अब मरीज की हालत सामान्य बताई जा रही है।
शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती सोहावल ब्लॉक के कोटडीह ड्योढ़ी निवासी रीमा (23) को नौ अगस्त को महिला वार्ड में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद डेंगू की पुष्टि होने पर शुक्रवार रात अस्पताल में आरक्षित संक्रामक वार्ड में भर्ती कराया गया।
शनिवार को मरीज को प्लेटलेट्स चढ़ाई गई है। अब मरीज की हालत सामान्य बताई जा रही है। इससे पूर्व तारुन क्षेत्र में तीन व मसौधा में दो, पूराबाजार के धर्मपुर में एक व रूदौली के सराहा गांव में एक मामला सामने आ चुका है।
इसमें से एक मरीज की मौत हो चुकी है और कई अन्य को लखनऊ रेफर किया जा चुका है। सीएमएस डॉ. हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि डेंगू के समुचित इलाज की व्यवस्था उपलब्ध है। रीमा को डेंगू की पुष्टि होने पर सुरक्षित वार्ड में भर्ती करके प्लेटलेट्स चढ़ाई गई है। अब उसकी स्थिति सामान्य है।