एसडीएम को हटाने की मांग, डीएम से मिले वकील
मिल्कीपुर। मिल्कीपुर के वकीलों और एसडीएम के बीच छिड़ी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। मिल्कीपुर एसडीएम को हटाने की मांग को लेकर वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला। इस मौके पर जिलाधिकारी के सामने मिल्कीपुर विधायक गोरखनाथ बाबा ने भी वकीलों की बात का समर्थन किया। पिछले 25 मई से एसडीएम और वकीलों के बीच मतभेद के चलते कार्य बहिष्कार चल रहा है। डीएम ने वकीलों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बीते 15 जून को मुख्य राजस्व अधिकारी रामयश गौतम की मध्यस्थता में शुरू हुई समझौता वार्ता के दौरान हुए विवाद के बाद वकीलों का आरोप है कि एसडीएम बृजकिशोर दूबे ने अपने मातहतों को ड्यूूटी के दौरान तहसील परिसर में लाठी लाने का निर्देश दिया था। बीते शनिवार को लेखपालों के बैठक वाले हॉल में लाठियां रखीं दिखाई पड़ीं तो वकील और भड़क गए। मिल्कीपुर बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को एसडीएम की कार्यशैली से जिलाधिकारी संतोष कुमार राय को अवगत कराते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में फैजाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव दूबे, महामंत्री एसएन सिंह के अलावा मिल्कीपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष पवन कुमार शुक्ल, एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन हरिमोहन शंकर श्रीवास्तव, महामंत्री गंगाप्रसाद दूबे, छोटेलाल रावत, दीपक श्रीवास्तव, रणधीर यादव सहित कई वकील मौजूद रहे। डीएम ने वकीलों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।