राशनकार्ड का सत्यापन करने गए लेखपाल से मारपीट
एक के खिलाफ रिपोर्ट, आरोपी ने भी दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
मसौधा (फैजाबाद)। सदर तहसील के गांव मलिकपुर गांव में राशन कार्ड का सत्यापन और पैमाइश को गए लेखपाल के साथ गांव के एक व्यक्ति के साथ कहासुनी हो गई। बात बढ़ी तो दोनों में जमकर मारपीट हुई। लेखपाल के कपड़े फट गए। लेखपाल ने आरोपी के खिलाफ पूराकलंदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जबकि आरोपी ने भी लेखपाल के खिलाफ तहरीर दी है।
घटना सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे की है। बताया गया है कि लेखपाल सुनील कुमार सिंह गांव में राशन कार्ड के सत्यापन के लिए गए थे। लेखपाल मलिकपुर के रहने वाले सुनील कुमार के दरवाजे पर गए थे। यहां सत्यापन के साथ ही पैमाइश की बात चली। यहां घूर गड्ढे की पैमाइश के लिए कहा गया। राशन कार्ड की जांच के बाद पैमाइश की बात हुई। इसी दौरान राशन कार्ड में नाम को लेकर विवाद बढ़ने की बात बताई जा रही है। दोनों में तू-तू मै-मैं शुरू हो गई। बात बढ़ी तो दोनों में मारपीट शुरू हो गई। लेखपाल के कपड़े फट गए। लेखपाल ने 100 नंबर डायल किया तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों को साथ थाने ले आई। दोनों को मेडिकल के लिए सीएचसी लाया गया। थानाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर आरोपी सुशील कुमार के खिलाफ मारपीट के साथ सरकारी कार्य मेें बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी हिरासत में है। सुशील का कहना है कि उसने भी लेखपाल के खिलाफ तहरीर दी है।