12 करोड़ से संवरेगा रोडवेज बस अड्डा
फैजाबाद। शहर के बदहाल रोडवेज के कायाकल्प की उम्मीद एक बार फिर से जगी है। परिवहन निगम की ओर से फैजाबाद रोडवेज को उच्चीकृत करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसमें 12 करोड़ की लागत से पूरे स्टेशन परिसर को नया लुक दिया जाना है। साथ ही बस स्टैंड परिसर में बना वर्कशॉप ट्रांसफर करने की योजना है। इसके लिए पांच एकड़ भूमि की तलाश की जा रही है। भूमि के चिह्नित होते ही वर्कशॉप को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने के साथ शासन से धन के अलॉटमेंट के बाद नए बस स्टेशन के निर्माण का कार्य परवान चढ़ेगा।
मौजूदा समय में फैजाबाद रोडवेज की हालत बहुत खस्ता है। यात्री सुविधाओं का टोटा है। सबसे बड़ी दुश्वारी यह है कि पूरा रोडवेज गढ्डे में है। इसको उच्चीकृत किए जाने को लेकर काफी से मंथन चल रहा है। अखिलेश सरकार में पीपीपी मॉडल पर भूतल पर बस अड्डा और ऊपर के चार मंजिल को व्यावसायिक कांपलेक्स बनाने की योजना बनी थी, मगर कोई निवेश को तैयार नहीं हुआ।
अब परिवहन निगम की ओर से 12 करोड़ रुपये के भेजे गए प्रस्ताव में पूरे बस स्टेशन को तोड़कर नए सिरे से बस स्टैंड बनाने की बात कही गई है। गढ्डे में होने के कारण पूरे रोडवेज को पहले ऊंचा किए जाने की योजना है। इसके बाद दो मंजिला बिल्डिंग तैयार की जाएगी। बिल्डिंग का स्वरूप ऐसा बनाया गया कि नीचे बसे खड़ी हो सकें। साथ ही ऊपर की इमारत में ऑफिस स्थापित हो सके। एक ही परिसर में आरएम व एआरएम ऑफिस स्थापित किए जाने की योजना है। मौजूदा समय में रोडवेज की बसें परिसर के बाहर सड़क पर खड़ी होकर सवारियां भरती हैं, इससे आम लोगों को आवगमन में काफी दिक्कतें होती हैं। इसके अलावा नए बस स्टेशन में दो यात्री शेड के साथ-साथ आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराए जाने की योजना है। उम्मीद है कि जल्द ही धनराशि का आवंटन हो जाएगा।
फैजाबाद बस स्टेशन को 12 करोड़ रुपये की लागत से उच्चीकृत किए जाने की योजना है। परिवहन निगम की ओर प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा चुका है। बजट के आवंटन के बाद कार्य शुरू होने की उम्मीद है। साथ ही परिसर के वर्कशॉप को भी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की योजना है। इस पर कार्य चल रहा है।- एस के शर्मा, आरएम रोडवेज, फैजाबाद
फैजाबाद शहर में रोडवेज को उच्चीकृत करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री से भी इसके लिए वार्ता की गई है। साथ ही वर्कशॉप को स्थानांतरित करने व भूमि के तलाश के लिए नए सिरे से प्रयास किया जाएगा। इसके प्रदेश के मंत्रियों व उच्चाधिकारियाें से मिलकर भूमि दिलाने की बात कही जाएगी।- ऋषिकेश उपाध्याय, महापौर, नगर निगम अयोध्या